सुरज वाधवानी की रिपोट
उड़ेला-खजूरी पहुंच मार्ग पर घोघानदी का उफान, डेम के ऊपर करीब डेढ़ फीट पानी का बहाव
तखतपुर। क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण घोघानदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। इसके चलते उड़ेला से खजूरी जाने वाले मार्ग पर स्थित डेम के ऊपर लगभग डेढ़ फीट पानी बह रहा है। तेज बहाव के कारण इस मार्ग से आवागमन बेहद जोखिमपूर्ण हो गया है।

स्थिति यह है कि कुछ ग्रामीण जान जोखिम में डालकर तेज बहाव के बीच डेम पार कर आवागमन कर रहे हैं, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। वहीं दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा तो नदी का जलस्तर और अधिक बढ़ सकता है। ऐसे में प्रशासन को मौके पर निगरानी बढ़ाकर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
ग्रामीणों ने लोगों से अपील की है कि पानी का बहाव तेज होने की स्थिति में डेम पार करने का जोखिम न उठाएं और सुरक्षित मार्ग का ही उपयोग करें।



