लायंस क्लब बिलासपुर स्माइल ने शासकीय विद्यालय बहतराई में लगाया निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं डायबिटीज जागरूकता शिविर
150 से अधिक विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने उठाया लाभ
10वीं व 12वीं के 13 मेधावी विद्यार्थियों को मोमेंटो देकर किया गया सम्मानित
बिलासपुर। समाज सेवा के क्षेत्र में अग्रणी संस्था ‘लायंस क्लब बिलासपुर स्माइल’ द्वारा अपने स्थाई प्रोजेक्ट “शिक्षा एवं स्वास्थ्य” के अंतर्गत 8 अगस्त को शासकीय विद्यालय, बहतराई में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, डायबिटीज जागरूकता शिविर एवं मेधावी छात्र सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक आयोजित इस शिविर में स्कूल के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों सहित लगभग 150 लोगों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं शुगर (डायबिटीज) जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।
बरसाती बीमारियों से बचाव और स्वस्थ जीवनशैली की दी सलाह
सावन और मानसून के मौसम में फैलने वाली मौसमी बीमारियों को ध्यान में रखते हुए डॉक्टरों व क्लब सदस्यों द्वारा उपस्थित लोगों को अपने आसपास साफ-सफाई रखने, उबला हुआ या साफ पानी पीने, खुले व कटे फल न खाने तथा हमेशा ताजा भोजन करने की सलाह दी गई।

कार्यक्रम में विशेष रूप से पहुंचे डिस्ट्रिक्ट चेयरपर्सन (डायबिटीज, District 3233-C) लायन डॉ. सुरभि राजगीर ने डायबिटीज जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने मधुमेह के लक्षण, जोखिम कारक, समय पर जांच, संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए बीमारियों की समय रहते पहचान व रोकथाम के लिए प्रेरित किया।

मेधावी छात्रों का किया गया सम्मान
शिक्षा के क्षेत्र में बच्चों का उत्साहवर्धन करने के उद्देश्य से क्लब द्वारा कक्षा 10वीं एवं 12वीं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले 13 मेधावी विद्यार्थियों को मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इनका रहा सराहनीय सहयोग
लायन सीमा श्रीवास्तव के संयोजन में आयोजित इस कार्यक्रम में क्लब की अध्यक्ष रीता राजगीर, सचिव दीप्ति साहू, कोषाध्यक्ष डॉ. ज्योति नामदेव, विद्यालय की प्राचार्या स्मिता चोपड़े एवं शिक्षकगण—सीमा, रागिनी मिश्रा, शिल्पी धर व सतीश शर्मा का विशेष योगदान रहा। इसके साथ ही प्रभात पाठशाला से महेंद्र ध्रुव, उत्कर्ष दुबे एवं सुरेंद्र केवट ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना सहयोग दिया।
क्लब की अध्यक्ष रीता राजगीर ने बताया कि समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंदों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से लायंस क्लब बिलासपुर स्माइल द्वारा आगे भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे।



