चकरभाठा (छत्तीसगढ़)रेलवे स्टेशन पर बड़ी लापरवाही: स्टेशन परिसर बना हादसों का अड्डा, यात्रियों की जान जोखिम में
चकरभाठा। चकरभाठा रेलवे स्टेशन पर इन दिनों रेल प्रशासन की एक बेहद गंभीर और जानलेवा लापरवाही देखने को मिल रही है। पिछले 6 से 7 दिनों से यात्रियों के ट्रेन से उतरने और चढ़ने वाले मुख्य स्थान (प्लेटफॉर्म क्षेत्र) को खोदकर लावारिस छोड़ दिया गया है। इस लापरवाही के कारण रोज़ाना सफर करने वाले यात्रियों के सामने एक बड़ा संकट खड़ा हो गया है। ऐसा प्रतीत होता है कि रेलवे प्रशासन किसी बड़े हादसे या किसी की जान जाने का इंतजार कर रहा है।


गौरतलब है कि चकरभाठा रेलवे स्टेशन पर रोजाना करीब 5 से 6 लोकल और पैसेंजर ट्रेनों का ठहराव होता है। इस मार्ग से हर दिन सैकड़ों यात्री सफर करते हैं, जिनमें छोटे बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग और बीमार व्यक्ति भी शामिल हैं। रेलवे प्लेटफॉर्म और उसके आसपास खोदे गए गड्डों के कारण यात्रियों को चलती या रुकी हुई ट्रेन से उतरने-चढ़ने में भारी मशक्कत करनी पड़ रही है। जरा सी चूक या पैर फिसलने पर यात्री सीधे गड्डों में गिर सकते हैं, जिससे गंभीर चोट लगने या जान जाने का पूरा खतरा बना हुआ है।
स्थानीय निवासियों और नियमित यात्रियों में रेल प्रशासन के इस उदासीन रवैये को लेकर भारी आक्रोश व्याप्त है। यात्रियों का कहना है कि इतने दिन बीत जाने के बाद भी न तो इस गड्ढे को भरा गया है और न ही सुरक्षा के लिए कोई संकेतक या बैरिकेडिंग लगाई गई है।


रेलवे प्रशासन आम जनता की सुरक्षा को पूरी तरह नजरअंदाज कर रहा है। यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया और खोदे गए स्थान को ठीक नहीं किया गया, तो कभी भी कोई अप्रिय घटना घट सकती है।” — आक्रोशित यात्री
आम नागरिकों और क्षेत्रवासियों ने रेल प्रशासन और उच्च अधिकारियों से मांग की है कि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस कार्य को तत्काल पूरा कराया जाए या गड्ढों को भरवाकर प्लेटफॉर्म को सुरक्षित बनाया जाए, अन्यथा नागरिक उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।



