ग्राम ठाकुर देव मंदिर में 24 घंटे के अखंड रामायण मानस यज्ञ का हुआ सफल समापन, उत्कृष्ट कार्य करने वाले सदस्यों का हुआ सम्मान
बिलासपुर (संवाददाता: उमाशंकर साहू)। बिलासपुर के समीपस्थ श्री ग्राम ठाकुर देव मंदिर परिसर में आयोजित एक दिवसीय 24 घंटे का अखंड रामायण मानस यज्ञ भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ। रामायण मानस यज्ञ के सफल आयोजन के उपरांत, पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट लगन, निष्ठा और समर्पण भाव से सेवा देने वाले समिति के सक्रिय सदस्यों के लिए एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
समारोह के दौरान समिति के अध्यक्ष श्री राकेश गौरहा, उपाध्यक्ष श्री मनीष कौशिक, कोषाध्यक्ष श्री ध्रुव कुमार साहू एवं समिति के संरक्षक श्री यदुनन्दन कौशिक ने मंच पर उपस्थित रहकर सभी कर्मठ सदस्यों को ‘श्री राम’ नामांकित गमछा एवं श्रीफल (नारियल) भेंट कर उनका भावभीना स्वागत व सम्मान किया।
आपसी सहयोग और एकजुटता का दिया संदेश

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समिति के पदाधिकारियों ने मानस यज्ञ को निर्विघ्न एवं भव्य रूप से संपन्न कराने के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। समिति के अध्यक्ष एवं संरक्षक ने कहा कि किसी भी धार्मिक और सामाजिक आयोजन की सफलता गांव के लोगों के आपसी सहयोग और कार्यकर्ताओं की दिन-रात की मेहनत पर निर्भर करती है। उन्होंने आशा और उम्मीद जताई कि भविष्य में भी सभी सदस्य तथा समस्त ग्रामवासी इसी प्रकार आपसी भाईचारे, प्रेम, सौहार्द और एकजुटता के साथ मिलकर गांव की परंपराओं और धार्मिक अनुष्ठानों को आगे बढ़ाएंगे।
भक्तिमय माहौल में ली विदाई
24 घंटे तक चले इस मानस यज्ञ में रामायण की चौपाइयों और संगीतमय मानस गायन से पूरा ग्राम क्षेत्र भक्ति के रस में सराबोर रहा। पूर्णाहुति और भंडारे के बाद आयोजित इस सम्मान समारोह ने कार्यकर्ताओं का उत्साह कई गुना बढ़ा दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी सदस्यों ने मंदिर प्रांगण में एक-दूसरे को बधाई दी और भविष्य में भी इसी तरह संगठित होकर सामाजिक व धार्मिक कार्यों में सहभागिता निभाने का संकल्प लिया।






