संवाददाता सुरज वाधवानी की रिपोट
कोड़ापुरी में हर्षोल्लास से निकली तिरंगा यात्रा, गलियों में गूंजा देशभक्ति का जयघोष
सकर्रा/तखतपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गुरुवार को ग्राम कोड़ापुरी में हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। तिरंगा यात्रा गांव की विभिन्न गलियों से होकर गुजरी, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों, गणमान्य नागरिकों एवं आमजनों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

तिरंगा यात्रा का नेतृत्व जिला पंचायत सभापति श्रीमती अंबिका विनोद साहू, स्थानीय जनपद सदस्य श्रीमती कविता महेश यादव एवं ग्राम पंचायत सरपंच श्रीमती कविता टिकेश साहू ने किया। यात्रा के दौरान हाथों में तिरंगा लेकर ग्रामीणों ने देशभक्ति के नारों के साथ पूरे गांव में राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
तिरंगा यात्रा के दौरान गांव का माहौल पूरी तरह देशभक्ति से सराबोर नजर आया। महिलाओं, युवाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने भी बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई। ग्रामीणों ने कहा कि तिरंगा केवल देश का झंडा नहीं, बल्कि हमारी एकता, अखंडता, स्वतंत्रता और गौरव का प्रतीक है।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने सभी ग्रामीणों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राष्ट्र की प्रगति में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ देश के प्रति अपने कर्तव्यों को भी पूरी निष्ठा से निभाना चाहिए।
तिरंगा यात्रा में गांव के गणमान्य नागरिक, पंचगण, युवा, महिलाएं, बच्चे एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।






