लायंस क्लब बिलासपुर वसुंधरा ने स्वतंत्रता दिवस पर किया वृक्षारोपण एवं बालिका सम्मान
बिलासपुर। स्वतंत्रता दिवस के 78वें पावन अवसर पर लायंस क्लब बिलासपुर वसुंधरा द्वारा महारानी लक्ष्मीबाई शासकीय प्राथमिक कन्या शाला में पर्यावरण संरक्षण एवं बालिका सशक्तिकरण को समर्पित एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।


‘एक पेड़, एक जिंदगी’ के संदेश को चरितार्थ करते हुए क्लब की सदस्याओं ने शाला की छात्राओं के साथ मिलकर परिसर में 10 फलदार एवं आयुर्वेदिक पौधे रोपे। इनमें करंज, अर्जुन, भूमि आंवला, अशोक, बरगद, पीपल, आम और नीम शामिल हैं। पौधारोपण के साथ-साथ बच्चों को पर्यावरण और वृक्षों के महत्व से अवगत कराया गया।


चित्रकला व स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन
बच्चों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से चित्रकला एवं स्लोगन लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रंगों और शब्दों के माध्यम से प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया।


बालिका सम्मान एवं शिक्षिकाओं का आभार
क्लब के ‘प्रोजेक्ट बालिका सम्मान’ के अंतर्गत प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 10 विजेता छात्राओं को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त, पौधारोपण में सहयोग देने वाले शिक्षकों और सहयोग करने वाली अन्य छात्राओं को अध्यक्ष एवं सचिव की ओर से उपहार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में गणमान्य जनों की उपस्थिति
इस अवसर पर लायंस क्लब बिलासपुर वसुंधरा की अध्यक्ष पीएमजेएफ संजना मिश्रा, सचिव मंजू मिश्रा, रीजन चेयर अर्चना तिवारी, सलमा बेगम एवं अनिमा मिश्रा उपस्थित रहीं। सभी पदाधिकारियों ने पौधरोपण, बालिका सम्मान एवं प्रतियोगिताओं का कुशल संचालन किया।
कार्यक्रम के अंत में शाला प्रबंधन एवं शिक्षक वृंद ने लायंस क्लब बिलासपुर वसुंधरा के इस सराहनीय सामाजिक प्रयास के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।














