बुटेना में पूर्व माध्यमिक शाला खोलने की मांग, बेटियों की शिक्षा में हो रही परेशानी
सकर्रा | ग्राम पंचायत बुटेना में पूर्व माध्यमिक शाला खोले जाने की मांग को लेकर जनपद सदस्य प्रतिनिधि महेश यादव एवं समाजसेवी अश्वनी यादव ने छत्तीसगढ़ भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में शिक्षा मंत्री से भेंट कर मांग रखी।
प्रतिनिधियों ने शिक्षा मंत्री को बताया कि ग्राम बुटेना में प्राथमिक स्तर तक शिक्षा की सुविधा उपलब्ध है, लेकिन कक्षा 6वीं से 8वीं तक की पढ़ाई के लिए विद्यार्थियों को दूसरे गांवों में जाना पड़ता है। विशेषकर बेटियों की शिक्षा में इससे काफी परेशानी होती है। दूरी अधिक होने के कारण अभिभावक अपनी बेटियों को आगे की पढ़ाई के लिए दूसरे गांव भेजने में संकोच करते हैं, जिससे उनकी शिक्षा प्रभावित होने की आशंका बनी रहती है।
महेश यादव एवं अश्वनी यादव ने कहा कि बेटियों को उनके गांव के नजदीक ही बेहतर शिक्षा की सुविधा उपलब्ध कराना आवश्यक है। गांव में पूर्व माध्यमिक शाला खुलने से छात्राओं को सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण में पढ़ाई जारी रखने का अवसर मिलेगा और उन्हें शिक्षा से वंचित नहीं होना पड़ेगा।
उन्होंने शिक्षा मंत्री से ग्राम पंचायत बुटेना में पूर्व माध्यमिक शाला (कक्षा 6वीं से 8वीं) की स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया। प्रतिनिधियों ने कहा कि विद्यालय की स्थापना से बुटेना सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को भी लाभ मिलेगा तथा बालिका शिक्षा को विशेष रूप से बढ़ावा मिलेगा।
महेश यादव एवं अश्वनी यादव ने उम्मीद जताई कि शिक्षा मंत्री ग्रामीण विद्यार्थियों और विशेषकर बेटियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए इस मांग पर सकारात्मक पहल करेंगे। उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा को मजबूत करना ही समाज और क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है।














