यदुवंश पर कथित टिप्पणी से यादव समाज आक्रोशित, सार्वजनिक माफी की मांग
बिलासपुर/सकर्रा। कुरूद विधायक अजय चंद्राकर द्वारा यदुवंश एवं यादव समाज के संदर्भ में दिए गए कथित बयान को लेकर छत्तीसगढ़ झेरिया यादव समाज ने कड़ी नाराजगी जताई है। समाज के प्रदेश अध्यक्ष युवा प्रकोष्ठ चन्दराम यादव ने कथित बयान की घोर निंदा करते हुए इसे यादव समाज की धार्मिक एवं सामाजिक भावनाओं को आहत करने वाला बताया है।

चन्दराम यादव ने कहा कि यदुवंश भारतीय सनातन संस्कृति और गौरवशाली परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसी वंश में भगवान श्रीकृष्ण का अवतार हुआ, जिन्होंने धर्म, सत्य, न्याय, नीति और लोककल्याण का संदेश दिया। भगवान श्रीकृष्ण यादव समाज के आराध्य होने के साथ-साथ संपूर्ण सनातन समाज के महानायक हैं। ऐसे में यदुवंश अथवा यादव समाज के संबंध में कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन राजनीतिक बहस के दौरान किसी समाज की आस्था, आराध्य देवता, महापुरुष अथवा गौरवशाली परंपरा के संबंध में ऐसी टिप्पणी करना उचित नहीं है, जिससे सामाजिक एवं धार्मिक भावनाएं आहत हों। जनप्रतिनिधियों से समाज मर्यादित, संयमित और जिम्मेदार भाषा की अपेक्षा करता है।
चन्दराम यादव ने कहा कि यादव समाज उक्त कथित बयान से आहत है। समाज की मांग है कि अजय चंद्राकर अपने बयान पर स्थिति स्पष्ट करें तथा यदि उनकी टिप्पणी से यादव समाज की भावनाएं आहत हुई हैं तो सार्वजनिक रूप से खेद व्यक्त करते हुए यादव समाज से माफी मांगें।
उन्होंने कहा कि यह किसी राजनीतिक दल के खिलाफ व्यक्तिगत लड़ाई नहीं, बल्कि समाज की धार्मिक आस्था, आत्मसम्मान और सामाजिक गरिमा से जुड़ा विषय है। यादव समाज शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने में विश्वास करता है। उन्होंने कहा कि यदि मांग पूरी नहीं की जाती है तो समाज प्रदेशभर में लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराएगा तथा आगे की रणनीति सामाजिक पदाधिकारियों से विचार-विमर्श के बाद तय की जाएगी।
चन्दराम यादव ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण, यदुवंश और यादव समाज के सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों और जनप्रतिनिधियों से राजनीतिक बयानबाजी के दौरान भाषा की मर्यादा बनाए रखने तथा किसी भी समाज, धर्म, महापुरुष या आराध्य के प्रति ऐसी टिप्पणी से बचने की अपील की, जिससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो।
अश्वनी यादव, तखतपुर ने बताया कि समाज की मांग स्पष्ट है कि कथित बयान पर स्पष्टीकरण दिया जाए, भावनाएं आहत हुई हैं तो सार्वजनिक रूप से खेद व्यक्त किया जाए और यादव समाज से माफी मांगी जाए।














