चक्रवाती हवाओं के असर से बदला मौसम, गुरुवार शाम से शुरू हुई बारिश ने किसानों की बढ़ाई मुश्किलें, कटाई-मिंजाई प्रभावित होने की आशंका
बिलासपुर /तखतपुर। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान का असर अब मौसम पर दिखाई देने लगा है। गुरुवार शाम से तेज हवाओं के साथ शुरू हुई बूंदाबांदी और रुक-रुककर हुई बारिश ने सकर्रा क्षेत्र के किसानों की चिंता बढ़ा दी है। शुक्रवार सुबह भी मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहा। खेतों में पककर तैयार खड़ी धान की फसल पर बेमौसम बारिश का असर दिखाई देने लगा है। कई जगह फसल जमीन पर बिछ गई है, जिससे किसानों को नुकसान की आशंका सताने लगी है।
सकर्रा क्षेत्र के किसानों का कहना है कि इस बार धान की फसल को तैयार करने में काफी मेहनत और लागत लगी है। खाद, बीज, कीटनाशक और सिंचाई पर खर्च करने के बाद अब फसल कटाई के समय मौसम की मार झेलनी पड़ रही है। बारिश और तेज हवा के कारण खेतों में धान की फसल गिरने से कटाई में परेशानी हो सकती है। वहीं खेतों में पानी भरने और नमी बढ़ने से कटाई-मिंजाई का काम भी प्रभावित होने की आशंका है।
किसानों के सामने पहले ही मौसम, खाद की उपलब्धता और खेती की बढ़ती लागत जैसी चुनौतियां हैं। अब बेमौसम बारिश ने उनकी चिंता और बढ़ा दी है। किसानों का कहना है कि यदि मौसम जल्द साफ नहीं हुआ और बारिश का सिलसिला जारी रहा तो धान की गुणवत्ता प्रभावित होने के साथ आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ सकता है। ऐसे में क्षेत्र के किसान आसमान की ओर टकटकी लगाए मौसम खुलने का इंतजार कर रहे हैं।







