छतौना में संकुल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन
चकरभाठा/सकर्रा। सरस्वती शिशु मंदिर छतौना में संकुल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। प्रतियोगिता में संकुल अंतर्गत 8 विद्यालयों के 189 भैया-बहनों ने विभिन्न खेलों में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।


कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ग्राम सरपंच श्रीमती राधिका राकेश कौशिक, विद्यालय के सचिव विलास कौशिक, उपाध्यक्ष अश्वनी रजक सहित विद्यालय समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर ग्राम सरपंच ने आयोजन के लिए 3 हजार रुपये तथा विद्यालय समिति की ओर से 1500 रुपये की सहयोग राशि प्रदान की गई।
प्रतियोगिता में शिशु वर्ग के 120 एवं बाल वर्ग के 69 प्रतिभागियों ने भाग लिया। विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, संरक्षक आचार्य-दीदी एवं सहयोगी सदस्यों की सहभागिता से प्रतियोगिता का सफल संचालन किया गया।

समापन अवसर पर विजेता एवं उपविजेता के साथ सहभागी प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुरस्कार वितरण मुख्य अतिथि ग्राम सरपंच श्रीमती राधिका राकेश कौशिक के हाथों किया गया। साथ ही प्रतियोगिता को सफल बनाने वाले संरक्षक आचार्य-दीदी का भी सम्मान किया गया।
विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती सीमा कौशिक एवं विद्यालय की सभी दीदी के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उक्त जानकारी विद्यालय की प्रधानाचार्य एवं प्रतियोगिता के संयोजक कामता श्रीवास ने दी।














