लायंस क्लब बिलासपुर वसुंधरा ने शैक्षणिक गतिविधि और राखी मेकिंग प्रतियोगिता का किया आयोजन


बिलासपुर। लायंस क्लब बिलासपुर वसुंधरा द्वारा डिस्ट्रिक्ट प्रोजेक्ट ‘शैक्षणिक गतिविधि’ के अंतर्गत सरकंडा स्थित न्यू मॉडर्न हाई स्कूल में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके तहत प्राइमरी एवं मिडिल क्लास के बच्चों के लिए उनके विषय अनुसार उपयोगी पोस्टर दिए गए। इसमें साइंस प्रोजेक्ट, अल्फाबेट, पिक्चर टेबल, मैप आदि शामिल हैं, ताकि शिक्षकों को कक्षा में अध्यापन के दौरान सुविधा हो सके। ये सभी शैक्षणिक सामग्रियां क्लब द्वारा स्कूल की प्रिंसिपल किरण सिंह को सौंपी गईं।
इसके साथ ही रक्षाबंधन के पावन पर्व के अवसर पर बच्चों के लिए राखी मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता को दो ग्रुपों में विभाजित किया गया था, जिसमें बच्चों ने अपनी कला और रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया।



प्रतियोगिता के प्रत्येक ग्रुप में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं को क्लब की अध्यक्ष संजना मिश्रा एवं रीजन चेयरपर्सन अर्चना तिवारी द्वारा पुरस्कृत किया गया। साथ ही बच्चों का उत्साह बढ़ाने के लिए सांत्वना पुरस्कार भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम को सफल बनाने में क्लब की सदस्य सुधा परिहार, उषा मुदलियार, मंगला कदम और किरण बाजपेई का विशेष सहयोग रहा। क्लब की ओर से बताया गया कि इस प्रकार के आयोजनों का मुख्य उद्देश्य बच्चों को अपनी सभ्यता, संस्कृति और परंपराओं से करीब से जोड़ना तथा उनकी रचनात्मक प्रतिभा को निखारना है।














