गणेश उत्सव एवं विसर्जन के दौरान शांति व सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने पुलिस लाइन में आयोजकों की ली गई समीक्षा बैठक
बिलासपुर:आज दिनांक 10.09.2026 को पुलिस लाइन स्थित चेतना भवन, बिलासपुर में आगामी गणेश उत्सव, मूर्ति आगमन एवं विसर्जन के सुचारू व शांतिपूर्ण संचालन के संबंध में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
यह बैठक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री पंकज कुमार पटेल, नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) श्री परमेश्वर तिलकवार, प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक श्री आकाश चौधरी, थाना प्रभारी सिरगिट्टी, थाना प्रभारी सिविल लाइन श्री किशोर केंवट, थाना प्रभारी तारबाहर श्री रविशंकर तिवारी, थाना प्रभारी तोरवा श्री रजनीश सिंह एवं थाना प्रभारी सिटी कोतवाली श्री देवेश राठौर की उपस्थिति में संपन्न हुई। बैठक में नगर की लगभग 27 गणेश उत्सव समितियों के अध्यक्षों एवं प्रमुख आयोजकों ने भाग लिया।



बैठक के दौरान पुलिस अधिकारियों ने शहर में कानून व्यवस्था, आपसी भाईचारा और कौमी एकता बनाए रखने हेतु गणेश उत्सव समितियों को निम्नलिखित आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए:
आयोजन हेतु अनुविभागीय दण्डाधिकारी (राजस्व) बिलासपुर से अनिवार्य रूप से पूर्व अनुमति प्राप्त करें।
गणेश मूर्ति स्थल एवं पंडाल को मुख्य सड़क पर न बनाएं, जिससे आमजनों एवं यातायात में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
पंडालों में बिजली का कनेक्शन सुरक्षित तरीके से कराएं ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना या जन-हानि से बचा जा सके।
सभी आयोजन समितियां अपने-अपने पंडालों में पर्याप्त संख्या में वालंटियर्स (स्वयंसेवकों) की ड्यूटी लगाएं।
पंडालों में केवल भक्ति एवं धार्मिक भजन ही बजाएं। फुहड़ व अश्लील गानों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। साथ ही माननीय उच्चतम न्यायालय (सुप्रीम कोर्ट) द्वारा ध्वनि प्रदूषण के संबंध में जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करें। पंडाल का निर्माण ऐसे स्थलों पर किया जाए, जहां आवश्यकता पड़ने पर अग्निशमन वाहन (फायर ब्रिगेड) एवं एम्बुलेंस बिना किसी बाधा के आसानी से पहुंच सकें।
किसी भी प्रकार के हथियारबंद, असामाजिक या नशे की हालत में मौजूद व्यक्तियों को पंडाल परिसर में प्रवेश न करने दें।
सुरक्षा के दृष्टिकोण से सभी आयोजक समितियों को अपने पंडालों में अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन दिनांक 24.09.2026 तक अनिवार्य रूप से पूर्ण कर लिया जाए।
विसर्जन यात्रा के दौरान सभी समितियां आपस में समन्वय स्थापित करें और प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थलों पर ही मूर्तियों का विसर्जन करें।
पुलिस प्रशासन ने सभी आयोजकों से त्योहार को सौहार्दपूर्ण, सुरक्षित और अनुशासित वातावरण में मनाने की अपील की है।














