ब्युरो रिपोट उमाशंकर शुक्ला

आरपीएफ (RPF) का बड़ा एक्शन: रेलवे कॉपर केबल चोरी करने वाले दिल्ली के संगठित गिरोह का भंडाफोड़, 17 गिरफ्तार
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर मंडल के सुरक्षा आयुक्त के मार्गदर्शन में आरपीएफ की विशेष टीम एवं अनूपपुर आरपीएफ पोस्ट ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए रेलवे कॉपर केबल चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में 10 मुख्य चोरों और चोरी का माल खरीदने वाले 7 रिसीवरों समेत कुल 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
यह गिरोह बुढ़ार, सिंहपुर, छादा और शहडोल रेलखंडों में तांबे की केबल व अन्य सामग्रियों की चोरी में संलिप्त था। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी दिल्ली से आकर अनूपपुर में किराए के मकान में रहते थे और स्कूटर से रेकी कर वारदातों को अंजाम देते थे। चुराया गया सामान दिल्ली के चांदनी चौक स्थित कबाड़ मंडी में बेचा जाता था।
आरपीएफ की टीम ने घेराबंदी कर उमरिया से ट्रेन से भागते दो आरोपियों और गाजियाबाद से एक आरोपी को दबोचा। आरोपियों के कब्जे से चोरी की कॉपर केबल, तांबे के उपकरण और वारदात में प्रयुक्त 4 स्कूटर जब्त किए गए हैं।
सभी आरोपियों के खिलाफ रेलवे संपत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।














