बिलासपुर (उमाशंकर साहू): फोरम ऑफ रिटायर्ड डिप्लोमा इंजीनियर, छत्तीसगढ़ (जिला समिति बिलासपुर) के तत्वावधान में प्रार्थना भवन में ‘अभियंता दिवस’ का भव्य आयोजन अत्यंत गरिमामय और उल्लासपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। इस अवसर पर जिलेभर के सेवानिवृत्त इंजीनियर अपने परिजनों के साथ एकजुट हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल, कार्यक्रम अध्यक्ष व मुख्य अभियंता सुरेश पांडे, तथा विशिष्ट अतिथि निर्मल शर्मा, सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता (RES) आर.के. बंजारे और संजय शर्मा ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के तैलचित्र पर पूजा-अर्चना व माल्यार्पण कर किया।
समारोह की प्रमुख विशेषताएं:
- सांस्कृतिक संध्या: बाल कलाकार तनिष्क वर्मा के मधुर गीतों ने समां बांधा, वहीं बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
- वरिष्ठों का सम्मान: समारोह में उपस्थित सभी सदस्यों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। 75 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके वरिष्ठ अभियंताओं को विशेष रूप से सम्मानित कर उनके योगदान को याद किया गया।
- सामाजिक सरोकार: सामाजिक दायित्व निभाते हुए शांतिनिकेतन छात्रावास के ताई को गोद लिए बच्चों की मदद के लिए समिति द्वारा ₹15,000 की आर्थिक सहायता राशि प्रदान की गई।
कलेक्टर ने की पहल की सराहना अपने संबोधन में कलेक्टर संजय अग्रवाल ने आयोजन की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज को जोड़ने का काम करते हैं। इससे सभी को एक साझा मंच मिलता है और पूरा समाज एक परिवार की तरह एकजुट होता है।
कार्यक्रम में समिति के संयोजक आर.पी. शुक्ला, अध्यक्ष बी.एन. ओझा, सचिव आर.के. मित्तल, कोषाध्यक्ष उमाकांत मिश्रा, आर.के. सक्सेना, बी. जायसवाल और लक्ष्मी गहवई सहित सैकड़ों सेवानिवृत्त इंजीनियर व उनके परिवार मौजूद रहे। सभी ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्र निर्माण में अभियंताओं के योगदान को रेखांकित किया।














