ढोल-नगाड़ों और मंत्रोचार के बीच बिल्हा में विराजे गणपति, शहर से लेकर गांव तक भक्तिमय हुआ माहौल
बिल्हा (संवाददाता रूपचंद अग्रवाल):
नगर व आसपास के ग्रामीण अंचलों में गणेश चतुर्थी का पर्व अत्यंत उत्साह, श्रद्धा और धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है। ढोल-नगाड़ों की थाप, गूंजते मंत्रोचार और ‘गणपति बाप्पा मोरया’ के जयकारों के साथ भगवान श्री गणेश की प्रतिमाएं घरों और भव्य पूजा पंडालों में विधि-विधान से स्थापित की गईं।



श्रद्धालु गाजे-बाजे और नाचते-गाते हुए बप्पा की आकर्षक प्रतिमाओं को स्थापना स्थल तक लेकर पहुंचे। नगर के प्रमुख स्थलों—अग्रसेन चौक, गंजपारा, एकता नगर, शनिचरी बाजार, गांधी चौक, शास्त्री नगर, रेलवे स्टेशन और पंजाबी मोहल्ला—में आकर्षक पूजा पंडाल सजाए गए हैं, जहां छोटी-बड़ी कलात्मक गणेश प्रतिमाएं विराजित की गई हैं।
देर रात तक युवा वर्ग पंडालों को सजाने और पूजा-अर्चना की तैयारियों में मुस्तैद रहा। शहर के दर्जनों स्थानों पर मनमोहक झांकियां और पंडाल तैयार किए गए हैं। स्थापना पूजन के दौरान श्रद्धालुओं ने विघ्नहर्ता से क्षेत्र में सुख, समृद्धि और शांति की कामना की। पूरे क्षेत्र में गणेशोत्सव को लेकर भारी उत्साह का माहौल है।



