शराब के लिए पैसे न देने पर मारपीट करने वाला आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल
बिलासपुर। थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने शराब पीने के लिए पैसे मांगने और मना करने पर लोहे के चापड़ से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
मामले का विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 14.09.2026 की शाम लगभग 08:30 बजे करोना चौक, सदर बाजार के पास आरोपी सत्यम यादव (उम्र 20 वर्ष, निवासी गोंडपारा) ने प्रार्थी आदित्य रजक के पिता राजेन्द्र रजक से शराब पीने के लिए पैसे की मांग की। पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए अपने पास रखे लोहे के चापड़ से राजेन्द्र रजक के सिर एवं हाथ पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।

प्रार्थी की शिकायत पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 520/2026, धारा 296, 119(1), 118(1), 351(3) बीएनएस (BNS) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपी सत्यम यादव को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का चापड़ बरामद कर जब्त कर लिया गया है।
आरोपी सत्यम यादव को दिनांक 18.09.2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।



