सेवा संकल्प अभियान : किसान क्रेडिट कार्ड बना योगेश्वर मंडावी के लिए खेती की जरूरतों का सहाराफसल उत्पादन के दौरान कीटनाशक, खाद एवं कृषि मजदूरों के भुगतान में मिल रही सुविधा
उत्तर बस्तर कांकेर, 21 सितंबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत किसान हितैषी योजनाओं के माध्यम से किसानों को मिल रही सुविधाओं और उनके जीवन में आए बदलावों की कड़ी में विकासखंड चारामा के ग्राम सिरसिदा निवासी किसान श्री योगेश्वर मंडावी की कहानी भी उल्लेखनीय है। किसान क्रेडिट कार्ड योजना का लाभ लेकर श्री मंडावी अपनी खेती से जुड़े दैनिक खर्चों का बेहतर प्रबंधन कर रहे हैं। किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से उपलब्ध कृषि ऋण सुविधा से उन्हें खेती के सीजन में आवश्यक कृषि सामग्री खरीदने तथा मजदूरी का भुगतान करने में आर्थिक सहूलियत मिल रही है।

श्री मंडावी बताते हैं कि खेती के दौरान कीटनाशक, खाद एवं अन्य कृषि आदानों की आवश्यकता होती है। इसके अलावा खेतों में काम करने वाले बनिहार एवं कृषि श्रमिकों का समय पर भुगतान भी करना पड़ता है। ऐसे समय में किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से उपलब्ध राशि उनके लिए उपयोगी साबित होती है। इससे खेती की तत्काल आवश्यकताओं को पूरा करने में आर्थिक प्रबंधन आसान होता है और वे कृषि कार्य समय पर जारी रख पाते हैं।
किसान क्रेडिट कार्ड योजना किसानों को कृषि एवं संबद्ध गतिविधियों के लिए संस्थागत ऋण सुविधा उपलब्ध कराने का माध्यम है। इसके जरिए किसान फसल उत्पादन से जुड़े आवश्यक खर्चों को पूरा कर सकते हैं।
किसान योगेश्वर मंडावी ने किसान क्रेडिट कार्ड जैसी किसान हितैषी योजना का लाभ मिलने पर केंद्र एवं राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सुविधा से खेती के जरूरी खर्चों को समय पर पूरा करने में उन्हें काफी सहूलियत मिल रही है।



