नवा खाई पर्व पर ग्राम डवरखार में कांकेर पुलिस का साइबर जागरूकता कार्यक्रम
पुलिस अधीक्षक श्री निखिल राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कांकेर पुलिस द्वारा आमजन को साइबर अपराधों से सुरक्षित रखने के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 21 सितंबर 2026 को ग्राम डवरखार में नवा खाई पर्व के पावन अवसर पर साइबर सुरक्षा कार्यक्रम का आयोजन किया गया।


नवा खाई छत्तीसगढ़ की समृद्ध कृषि परंपरा, सामाजिक एकता और प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करने का प्रमुख पर्व है। इस अवसर पर जुटी ग्रामीणों की भारी भीड़ के बीच पुलिस टीम ने ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराधों से बचाव का संदेश दिया।
कार्यक्रम में ग्रामीणों को समझाया गया कि अज्ञात फोन कॉल, संदिग्ध लिंक, लॉटरी के झांसे और फर्जी ओटीपी शेयर करने से बचें। पुलिस ने जोर देकर कहा कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाता है, तो बिना घबराए तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। समय पर दी गई सूचना से ठगी गई राशि को बैंक खातों में होल्ड कराने में मदद मिलती है। इसके साथ ही डिजिटल साक्ष्य, जैसे ट्रांजेक्शन मैसेज और स्क्रीनशॉट सुरक्षित रखकर निकटतम थाना या पुलिस चौकी में तुरंत संपर्क करने की सलाह दी गई।



