झपटमारी के आरोपी गिरफ्तार, चोरी का मोबाइल बरामद; यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी हुई सख्त कार्रवाई
बिलासपुर: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन में थाना कोटा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए झपटमारी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
मामला 21 सितंबर 2026 का है, जब मंझगांव निवासी प्रार्थी राकेश विश्वकर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि लालपुर मोड़ के पास दो अज्ञात युवकों ने उनसे वीवो कंपनी का मोबाइल झपट लिया। रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 799/2026, धारा 304(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने तत्काल रेड कार्रवाई की।

पुलिस ने आरोपी श्याम लाल ध्रुव (27 वर्ष, बोईरखोली कोटा) और रुपेश कुमार (24 वर्ष, ग्राम पोंडी) को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का वीवो मोबाइल जप्त कर लिया है।
इसके साथ ही यातायात अभियान के तहत बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 09 चालकों (धारा 129/194 एम.वी. एक्ट) तथा नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करने वाले 13 चालकों (धारा 122/177 एम.वी. एक्ट) पर भी चालानी कार्रवाई की गई।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज, स.उ.नि. शिव कुमार साहू, प्र.उ.नि. भूपेश देहरी, आरक्षक सोम कुमार उइके एवं महिला आरक्षक दीपिका लोनिया की सराहनीय भूमिका रही।



