विधायक श्री विक्रम देव उसेंडी व कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने अंतागढ़ क्षेत्र के शैक्षणिक संस्थाओ एवं विकास कार्यों का किया निरीक्षण
छात्रावास में स्वच्छता और सुविधाएं बेहतर करने के दिए निर्देश, रेलवे स्टेशन एवं विकास कार्यों का भी लिया जायजा
उत्तर बस्तर कांकेर, 22 सितंबर 2026/ विधायक श्री विक्रम देव उसेंडी एवं कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने आज अंतागढ़ क्षेत्र के शैक्षणिक संस्थाओ व विकास कार्यों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने लामकन्हार, अंतागढ़ स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के छात्रावास का निरीक्षण किया और विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान विधायक श्री उसेंडी एवं कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने छात्रावास परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।

उन्होंने प्राचार्य एवं छात्रावास अधीक्षक को छात्रावास में नियमित रूप से स्वच्छता बनाए रखने तथा विद्यार्थियों को उपलब्ध कराए गए कंबलों की भी नियमित साफ-सफाई एवं धुलाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए खेल मैदान को व्यवस्थित करने तथा बच्चों के लिए आवश्यक खेल सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। इस दौरान उन्होंने कक्षा 9वीं के विद्यार्थियों छायांश एवं हुसैन से बातचीत कर उनकी पढ़ाई, रुचियों एवं छात्रावास में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली।

विधायक श्री विक्रम देव उसेंडी ने कहा कि बच्चों को बेहतर शिक्षा के साथ अच्छा और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। छात्रावास में रहने वाले बच्चों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए स्वच्छता, भोजन, आवास और खेल जैसी मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने प्राचार्य से कहा कि विद्यार्थियों की आवश्यकताओं को गंभीरता से लेते हुए समय पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। इसके पश्चात विधायक एवं कलेक्टर ने अंतागढ़-चारगांव मार्ग पर रेलवे स्टेशन से पहले पीएमजीएसवाई सड़क में पड़ने वाले नाले में निर्मित पुलिया का निरीक्षण किया। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने संबंधित निर्माण एजेंसी को उक्त कार्य को पीएमजीएसवाई से लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया पूर्ण करते हुए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि नाले में पुल का निर्माण कार्य को सीएसआ, डीएमएफ अथवा अन्य मद से कराया जा सके। उन्होंने प्रस्ताव को आवश्यक प्रक्रिया के साथ शीघ्र तैयार करने कहा। इसके बाद विधायक श्री उसेंडी एवं कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने अंतागढ़ रेलवे स्टेशन पहुंचकर स्टेशन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्टेशन मास्टर श्री आर.के. गुप्ता से स्टेशन से संबंधित जानकारी ली तथा विधायक श्री उसेंडी ने यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी लेते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की।साथ ही रावघाट से लौहआय स्क परिवहन के लिए रेल परिचलन मानक परिक्षण के संबंध में जानकारी ली ।
इसके पश्चात उन्होंने बालक प्राथमिक शाला अंतागढ़ का निरीक्षण किया।इस दौरान शिक्षकों की संख्या के अनुपात में विद्यार्थियों की दर्ज संख्या कम पाए जाने पर विधायक एवं कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने सहायक खंड शिक्षा अधिकारी को विद्यालय में विद्यार्थियों की दर्ज संख्या बढ़ाने तथा अधिक से अधिक बच्चों को शिक्षा से जोड़ने के लिए सख्त निर्देश दिए। साथ ही विद्यालय परिसर के पीछे स्थित नगर पंचायत गार्डन के निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई एवं बेहतर रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश मुख्य नगर पालिका अधिकारी को दिए। निरीक्षण के दौरान जनपद अध्यक्ष अंतागढ़ श्रीमती मनोरमा मंडावी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यापालन अधिकारी श्री हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर श्री ए एस पैकरा, एस डी एम श्री राहुल रजक, सहित जन प्रतिनिधि एवं विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



