शिव सेना की प्रेस कॉन्फ्रेंस: राष्ट्रीय समन्वयक अभिषेक वर्मा के सानिध्य में चुनाव की तैयारी, आगामी नगर निगम चुनाव व सामाजिक मुद्दों पर रखी बात
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ स्वराज सेना एवं श्रीकांत वर्मा ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम के तहत शिव सेना के राष्ट्रीय संयोजक धनंजय सिंह राजपूत ने प्रेस वार्ता को संबोधित किया।
पत्रकारों से चर्चा करते हुए धनंजय सिंह राजपूत ने प्रसिद्ध साहित्यकार व पूर्व सांसद स्व. श्रीकांत वर्मा के जीवन परिचय और उनकी उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि अशोक वाजपेयी और भारत भवन जैसे सांस्कृतिक प्रतिष्ठान श्रीकांत वर्मा की ही देन हैं। प्रेस वार्ता में उन्होंने घोषणा की कि जूरी के चयन के आधार पर उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कुल चार पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे, जिसमें पत्रकार सम्मान के तहत 5 लाख रुपये की राशि दी जाएगी।

नगर निगम चुनाव में प्रत्याशी उतारेगी शिव सेना
राजनीतिक गतिविधियों पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सहित देश के पांच राज्यों में आगामी नगर निगम चुनाव होने वाले हैं। इस चुनाव में शिव सेना अपने उम्मीदवार मैदान में उतारेगी। महाराष्ट्र में पार्टी की मजबूती का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि देश में सबसे ज्यादा विकास और राजस्व मुंबई से आता है। आगामी चुनाव को लेकर राष्ट्रीय समन्वयक अभिषेक वर्मा के सानिध्य में 18 सीटों की मांग की गई है।
सनातन धर्म और राष्ट्रवाद प्राथमिकता
धार्मिक व सामाजिक गतिविधियों पर बात करते हुए राष्ट्रीय संयोजक ने बताया कि सनातन धर्म अभियान के तहत 35 लोगों की घर वापसी कराई गई है। उन्होंने कहा, “ईश्वर ने हमें सनातन धर्म दिया है और हम किसी अन्य धर्म की आलोचना नहीं करते।” उन्होंने आगे कहा कि मुंबई और दिल्ली के बाहर छत्तीसगढ़ तेजी से उभरता हुआ राज्य है। राष्ट्रवाद और राज्य को विकासशील बनाना ही शिव सेना का मुख्य उद्देश्य है।
होटल प्रबंधक को 15 दिनों का अल्टीमेटम
प्रेस वार्ता के दौरान बिलासपुर में एक वरिष्ठ पत्रकार के साथ हुए दुर्व्यवहार का मुद्दा भी जोर-शोर से उठा। धनंजय सिंह राजपूत ने इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि यदि 15 दिनों के भीतर मैरियट (Marriott) होटल प्रबंधन की ओर से औपचारिक खेद/क्षमा पत्र जारी नहीं किया जाता है, तो शिव सेना भविष्य में उक्त होटल में किसी भी प्रकार का कार्यक्रम आयोजित करने का पूर्ण बहिष्कार करेगी।



