बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट पर एरोड्रम कमिटी एवं पर्यावरण प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित
कलेक्टर संजय अग्रवाल की अध्यक्षता में हुई बैठक, विमान सुरक्षा एवं वन्यजीवों से बचाव के उपायों पर हुई चर्चा
बिलासपुर, 24 सितंबर 2026/ बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट, बिलासपुर (चकरभाटा) में आज एरोड्रम कमिटी एवं एरोड्रम एनवायरमेंट मैनेजमेंट कमिटी की बैठक कलेक्टर एवं एरोड्रम कमिटी के अध्यक्ष श्री संजय अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में विमान संचालन की सुरक्षा, आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों तथा विमान और पक्षियों एवं वन्यजीवों के बीच टकराव की घटनाओं की रोकथाम से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (BCAS) एवं नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप एरोड्रम कमिटी की बैठक वर्ष में दो बार आयोजित की जाती है। इसमें एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारियों की भूमिका एवं जिम्मेदारियों की समीक्षा की जाती है। विशेष रूप से विमान अपहरण जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए तैयारियों पर चर्चा की गई।
बैठक में पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, एयरपोर्ट नोडल अधिकारी श्री संदीप अग्रवाल, एयरपोर्ट डायरेक्टर एन वीरेन सिंह, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर शुभ्रा गढ़ेवॉल,सीएसओ, इंटेलिजेंस ब्यूरो, कासो, विभिन्न एयरलाइंस के स्टेशन मैनेजर, मनोचिकित्सक, भाषा विज्ञानी, वन विभाग, एसडीएम, मुख्य नगर पालिका अधिकारी तथा स्थानीय पुलिस सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।इसी तरह एरोड्रम एनवायरमेंट मैनेजमेंट कमिटी की बैठक में विमान संचालन के दौरान पक्षियों एवं वन्यजीवों के कारण उत्पन्न होने वाले संभावित खतरों की रोकथाम के उपायों पर चर्चा की गई। एयरपोर्ट परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में पक्षियों और वन्यजीवों की गतिविधियों की निगरानी, संभावित जोखिम वाले क्षेत्रों की पहचान तथा आवश्यक निरोधात्मक उपायों के संबंध में संबंधित विभागों के अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया गया। बैठक में एयरपोर्ट की सुरक्षा एवं पर्यावरणीय प्रबंधन से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग से संबंधित तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की जानकारी दी। अधिकारियों ने एयरपोर्ट की सुरक्षित एवं सुचारू विमान संचालन व्यवस्था बनाए रखने के लिए आपसी समन्वय के साथ निरंतर कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।



