राष्ट्रीय सेवा योजना के 57वें स्थापना दिवस पर नशामुक्ति की शपथनशामुक्त युवा ही विकसित भारत के निर्माण में निभाएंगे महत्वपूर्ण भूमिका!
उत्तर बस्तर कांकेर, 24 सितंबर 2026/ कृषि महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना के 57वें स्थापना दिवस के अवसर पर ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ संकल्प अभियान के तहत भव्य शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें स्वस्थ, सशक्त और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्रभारी अधिष्ठाता डॉ. प्रमोद कुमार नेताम ने की। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज का युवा ही कल के विकसित भारत की नींव है। युवाओं का शारीरिक, मानसिक एवं वैचारिक रूप से स्वस्थ और नशामुक्त होना राष्ट्र निर्माण के लिए आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने आसपास के लोगों को भी नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अनिल दिव्य ने राष्ट्रीय सेवा योजना के गौरवशाली इतिहास, उद्देश्यों एवं ‘स्वयं से पहले आप’ के मूल मंत्र की जानकारी दी। उन्होंने स्वयंसेवकों को नशामुक्ति का संदेश समाज तक पहुंचाने और जागरूकता दूत के रूप में कार्य करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने नशामुक्ति एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़े नारा वाचन, देशभक्ति गीत, कविता पाठ और भाषण प्रस्तुत किए। प्रथम वर्ष की छात्राओं योगेश्वरी, कनेश्वरी, अंजू एवं स्वाति तथा तृतीय वर्ष की छात्रा सुसमय ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपने विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में अतिथि शिक्षक डॉ. प्रदीप कुमार गंजीर एवं डॉ. उषा यादव सहित महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं, प्राध्यापक, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों को ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के तहत सामूहिक शपथ भी दिलाई गई।



