चारामा में सफाई मित्र सुरक्षा शिविर आयोजित
स्वच्छता दीदियों एवं सफाई कर्मियों का किया गया स्वास्थ्य परीक्षण।
उत्तर बस्तर कांकेर, 24 सितंबर 2026/ स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत नगर पंचायत चारामा द्वारा सफाई मित्र सुरक्षा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में नगर पंचायत चारामा में कार्यरत स्वच्छता दीदियों एवं स्वच्छता कर्मियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। सफाई कर्मियों के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी एवं उन्हें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

शिविर के दौरान उपस्थित स्वच्छता दीदियों एवं स्वच्छता कर्मियों की सामान्य स्वास्थ्य जांच की गई। मोबाइल मेडिकल यूनिट में स्वास्थ्य विशेषज्ञों एवं चिकित्सा दल द्वारा आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण कर कर्मियों को उनके स्वास्थ्य से संबंधित आवश्यक परामर्श प्रदान किया गया। जांच के दौरान स्वास्थ्य संबंधी किसी प्रकार की आवश्यकता पाए जाने पर उचित चिकित्सकीय सलाह भी दी गई।
इस अवसर पर स्वच्छता कर्मियों को अपने स्वास्थ्य के प्रति विशेष रूप से सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया। उन्हें नियमित रूप से स्वास्थ्य जांच कराने, संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने तथा व्यक्तिगत स्वच्छता का ध्यान रखने के संबंध में जानकारी दी गई।

साथ ही सफाई कार्य के दौरान संक्रमण एवं अन्य स्वास्थ्य जोखिमों से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की समझाइश दी गई। स्वच्छता कर्मियों को कार्य के दौरान व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण का अनिवार्य रूप से उपयोग करने के लिए भी जागरूक किया गया। दस्ताने, मास्क, जूते एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरणों का उपयोग करने से सफाई कार्य के दौरान संभावित स्वास्थ्य जोखिमों से बचाव किया जा सकता है। इस संबंध में कर्मियों को सुरक्षा उपकरणों के उचित उपयोग एवं कार्यस्थल पर सुरक्षित कार्य पद्धति अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।



