बोड़सरा धाम में 50 लाख रु से निर्मित मंगल भवन का भूमिपूजन, गुरु बालकदास साहेब जी की पुण्यधरा पर जुटा जनसैलाब
सरकार संतों-महापुरुषों के धामों के विकास के लिए संकल्पित : मंत्री गुरुखुशवंत साहेब
महान प्रतापी एवं बलिदानी राजा गुरु बालकदास साहेब जी की पुण्यधरा बोड़सरा धाम में आज पावन भूमिपूजन समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया। समारोह में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब जी मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए, वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता धर्मगुरु श्री गुरु बालदास साहेब जी एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने की।
अतिथियों ने सर्वप्रथम महान संत एवं समाज सुधारक राजा गुरु बालकदास साहेब जी के चरणों में श्रद्धापूर्वक वंदन एवं नमन किया। उनके आदर्शों, त्याग, संघर्ष और सामाजिक समरसता के संदेश को स्मरण करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया। तत्पश्चात विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ प्रस्तावित मंगल भवन के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। यह मंगल भवन क्षेत्रवासियों के लिए एक महत्वपूर्ण सौगात के रूप में साबित होगा। इसके बन जाने से सामाजिक एवं सामुदायिक आयोजन, धार्मिक कार्यक्रम, बैठक एवं अन्य मांगलिक कार्यों के लिए एक सुव्यवस्थित एवं सुविधायुक्त स्थान उपलब्ध होगा।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि बोड़सरा धाम हम सभी के लिए आस्था और प्रेरणा का केंद्र है। राजा गुरु बालकदास साहेब जी ने सत्य, अहिंसा और समानता के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। उनके बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी की सरकार संतों-महापुरुषों के धामों के विकास के लिए संकल्पित है। बोड़सरा धाम में मंगल भवन का निर्माण सरकार की इसी सोच का परिणाम है। यह भवन समाज को जोड़ने का कार्य करेगा। हमारी सरकार गुरु बालकदास साहेब जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

इस अवसर पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक जी ने कहा कि राजा गुरु बालकदास साहेब जी की पावन भूमि बोड़सरा धाम में आकर मैं स्वयं को धन्य मानता हूं। यह धरा हमें अन्याय के विरुद्ध लड़ने और समाज में समरसता बनाए रखने की प्रेरणा देती है। श्री कौशिक ने कहा कि बोड़सरा धाम में मंगल भवन की मांग लंबे समय से थी। आज धर्मगुरु गुरु बालदास साहेब जी और कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब जी के करकमलों से इसका भूमिपूजन हुआ है, यह पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। इस भवन के निर्माण से हमारे सामाजिक कार्यों को एक नया आयाम मिलेगा और बोड़सरा धाम का विकास और तेजी से होगा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में सतनामी समाज के संतगण, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



