राजनीतिक पद और पार्टी फंड का झांसा देकर 82.63 लाख रुपये ठगने वाली शातिर महिला आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर/थाना सरकंडा पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए राष्ट्रीय राजनीति में ऊंचा पद दिलाने और पार्टी फंड के नाम पर 82,63,194 रुपये की ठगी करने वाली शातिर महिला आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
प्रार्थी चेतन आनंद दुबे (निवासी श्री विहार, सरकंडा) की वर्ष 2025 में फेसबुक के माध्यम से निखत परवीन शाबरी (उर्फ निकहत/निक्की) निवासी खोंगापानी, जिला मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर से पहचान हुई थी। आरोपी महिला ने खुद को राष्ट्रीय पार्टी का कार्यकर्ता और बड़े नेताओं का करीबी बताकर प्रार्थी का विश्वास जीता। इसके बाद उसने प्रार्थी की राजनीति में रुचि का फायदा उठाते हुए पद दिलाने और पार्टी फंड के नाम पर प्रार्थी तथा उसके दोस्तों के खातों से कुल ₹82,63,194 हड़प लिए।

पैसे वापस मांगने पर आरोपी महिला ने उसे महिला संबंधी झूठे मामलों में फंसाने की धमकी और ब्लैक मेलिंग शुरू कर दी।
प्रार्थी की शिकायत पर थाना सरकंडा में अपराध क्रमांक 1376/2026, धारा 318(4) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
टीम ने मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर से आरोपी निखत परवीन शाबरी (33 वर्ष) को हिरासत में लिया। पूछताछ में जुर्म कबूल करने पर आरोपी के पास से मोबाइल, आधार कार्ड व दस्तावेज जब्त किए गए। आरोपी के आपराधिक इतिहास को देखते हुए धारा 119(1) BNS जोड़ी गई। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न थानों (झगराखांड, सिविल लाइन रायपुर) में वसूली और धोखाधड़ी के संगीन मामले दर्ज हैं।
बिलासपुर पुलिस आम जनता से अपील करती है कि किसी भी व्यक्ति द्वारा पद, नौकरी या अन्य प्रलोभन दिए जाने पर सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन में दें।



