जल संरक्षण का संदेश लेकर निकले एनएसएस स्वयंसेवक
रैली एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जल के सदुपयोग और संरक्षण के प्रति किया जागरूक
उत्तर बस्तर कांकेर, 29 सितंबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय लाल कालिंद सिंह महाविद्यालय अंतागढ़ के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवकों द्वारा जल संरक्षण एवं जल के सदुपयोग के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रैली एवं नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों ने जल संरक्षण, स्वच्छ पेयजल एवं जल जीवन मिशन के महत्व का संदेश आमजन तक पहुंचाया।
जागरूकता रैली का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य श्री रमेश कुमार दर्राे ने महाविद्यालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर किया। रैली महाविद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर राजीव गांधी चौक तक पहुंची। इस दौरान एनएसएस स्वयंसेवकों एवं विद्यार्थियों ने विभिन्न जागरूकता संदेशों के माध्यम से लोगों को जल का संरक्षण करने, पानी का विवेकपूर्ण उपयोग करने तथा स्वच्छ पेयजल के महत्व के प्रति जागरूक किया। रैली के पश्चात अंतागढ़ बाजार स्थल पर ’’जल जीवन मिशन’’ विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया।

नाटक के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्येक घर तक सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता, जल स्रोतों के संरक्षण तथा पानी के सदुपयोग के महत्व को सरल, रोचक एवं प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। नुक्कड़ नाटक को बाजार में मौजूद लोगों ने रुचिपूर्वक देखा और जल संरक्षण का संकल्प लेने का संदेश प्राप्त किया।
इस अवसर पर प्राचार्य श्री रमेश कुमार दर्राे ने कहा कि जल हमारे जीवन का आधार है। इसका संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों और ग्रामीणों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक कर उन्हें इस अभियान से जोड़ना महाविद्यालय की महत्वपूर्ण पहल है। राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी श्री सचिन कुमार ने कहा कि जल जीवन मिशन का उद्देश्य केवल घर-घर तक पानी पहुंचाना ही नहीं, बल्कि जल संरक्षण एवं उसके सतत उपयोग के प्रति लोगों में जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है। रैली और नुक्कड़ नाटक जैसे जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से जल संरक्षण का संदेश सीधे आमजन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम में श्री भूषण कुमार देवांगन, श्री बहादुर नेताम, श्री मिनेश मरकाम, श्री रोशन कुमार कैमरो, श्री खेमराज सिन्हा, श्री धर्मेंद्र कुमार एवं सुश्री निधि नेताम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं महाविद्यालय के विद्यार्थी उपस्थित रहे।



