महतारी वंदन योजना बनी संतोषी जैन के परिवार का सहारा,
बेटी के भविष्य के लिए हर माह कर रहीं बचत
उत्तर बस्तर कांकेर 29 सितंबर 2026/ महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ ही उनके परिवार की जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। दुर्गूकोंदल परियोजना अंतर्गत सेक्टर कोण्डे के ग्राम गुमड़ीडिही निवासी श्रीमती संतोषी जैन भी इस योजना से लाभान्वित होकर अपने बच्चों की पढ़ाई और बेटी के उज्ज्वल भविष्य के लिए आर्थिक रूप से मजबूत कदम उठा रही हैं।
श्रीमती संतोषी जैन ने बताया कि बच्चों की पढ़ाई एवं अन्य आवश्यक खर्चों को पूरा करने के लिए परिवार को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता था। योजना के तहत प्रत्येक माह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिल रही है, जिसे संतोषी जैन बेहतर तरीके से उपयोग कर रही हैं। वह अपनी बेटी के भविष्य को सुरक्षित करने के उद्देश्य से सुकन्या समृद्धि खाता संचालित कर रही हैं, जिसमें हर माह 500 रुपये जमा करती हैं, शेष राशि का उपयोग बच्चों की पढ़ाई एवं उनकी आवश्यकताओं को पूरा करने में कर रही हैं। श्रीमती संतोषी जैन बताती हैं कि महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि उनके परिवार के लिए आर्थिक सहारा बनी है। उन्होंने इस सहयोग के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है!



