हल्बा में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं की जानकारीसेवा सेतु शिविर में कला एवं संस्कृति के माध्यम से जनजागरूकता का संदेश
उत्तर बस्तर कांकेर, 02 अक्टूबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत चारामा विकासखंड के ग्राम हल्बा में आयोजित सेवा सेतु शिविर में कला एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी रोचक एवं प्रभावी तरीके से दी गई। कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक, गीत-संगीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं के लाभ और उद्देश्यों से अवगत कराया।


नुक्कड़ नाटक में प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, महतारी वंदन योजना, नव निहाल योजना, भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना, नशामुक्ति एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं को विषय बनाकर संदेश प्रस्तुत किए गए। कलाकारों ने सहज एवं स्थानीय संवादों के माध्यम से यह बताया कि पात्र हितग्राही इन योजनाओं का लाभ किस प्रकार प्राप्त कर सकते हैं।


गीत-संगीत और नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से योजनाओं की जानकारी दिए जाने से ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम का आनंद लिया। इस दौरान उपस्थित ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के साथ-साथ स्वच्छता, नशामुक्ति, सामाजिक जिम्मेदारी और जनसेवा के प्रति जागरूक रहने का संदेश भी दिया गया। सेवा सेतु शिविर में कला एवं संस्कृति के माध्यम से दी गई यह प्रस्तुति ग्रामीणों तक शासकीय योजनाओं की जानकारी पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनी। ग्रामीणों ने कलाकारों की प्रस्तुति की सराहना करते हुए ऐसे जन जागरूकता कार्यक्रमों को उपयोगी बताया।


