मेगा स्वास्थ्य शिविर में 620 नागरिकों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण
विधायक आशाराम नेताम एवं कलेक्टर कुन्दन कुमार ने शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
उत्तर बस्तर कांकेर, 02 अक्टूबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज कांकेर में सेवा सेतु शिविर के साथ ही मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने पहुंचकर विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श प्राप्त किया। कांकेर विधायक श्री आशाराम नेताम एवं कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने पहुंचे नागरिकों से संवाद किया।


शिविर में 620 लोगों का ओपीडी पंजीयन किया गया, स्वास्थ्य परीक्षण पश्चात चिकित्सक की सलाह एवं परामर्श के अनुसार सभी हितग्राहियों को आवश्यक दवाइयों का वितरण किया गया। विभिन्न विशेषज्ञ सेवाओं के अंतर्गत 161 लोगों की बीपी जांच की गई। स्त्री रोग विशेषज्ञ द्वारा 23 महिलाओं का परीक्षण किया गया, जिनमें 4 गर्भवती महिलाएं शामिल रहीं। शिशु रोग विशेषज्ञ ने 7 हितग्राहियों, मेडिसिन विशेषज्ञ ने 61, मुख जांच से संबंधित 40 तथा नाक-कान-गला विशेषज्ञ ने 12 हितग्राहियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। नेत्र रोग विशेषज्ञ द्वारा 152 हितग्राहियों की जांच की गई, वहीं 110 मरीजों को निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए। आयुष क्लिनिक में 119 हितग्राहियों, हड्डी रोग विशेषज्ञ द्वारा 55 हितग्राहियों को सेवाएं प्रदान की गईं।


इसके अलावा 16 हितग्राहियों के दिव्यांगता प्रमाण पत्र संबंधी प्रक्रिया तथा 14 हितग्राहियों को कुष्ठ रोग संबंधी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर में 25 लोगों को आयुष्मान कार्ड बनाने की सुविधा भी प्रदान की गई। शिविर स्थल के लैब जांच केंद्र में 250 हितग्राहियों की जांच की गई, जिनमें से 70 हितग्राहियों के उच्च स्तरीय जांच हेतु नमूने लिए गए। शिविर में टीबी पंजीयन, जांच एवं एक्स-रे की सुविधा भी उपलब्ध रही। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इसके साथ ही नागरिकों ने रक्तदान कर सेवा संकल्प अभियान में अपना योगदान दिया।
विधायक श्री आशाराम नेताम एवं कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने शिविर में उपलब्ध विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का अवलोकन किया तथा अधिकारियों एवं चिकित्सा दल से सेवाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने शिविर में पहुंचे नागरिकों से संवाद कर स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता के संबंध में जानकारी प्राप्त की और नागरिकों को विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। सेवा सेतु शिविर के साथ ही आयोजित इस मेगा स्वास्थ्य शिविर से एक ही स्थान पर विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं, जांच, दवाइयां, चश्मा, आयुष्मान कार्ड सहित अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं, जिससे आम नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाओं का सहज लाभ मिला।


