ठेलकाबोड़ में स्वच्छता के लिए कलेक्टर और सीईओ ने किया श्रमदानस्वच्छता रैली निकालकर ग्रामीणों को दिया सतत जनभागीदारी का संदेश
उत्तर बस्तर कांकेर, 02 अक्टूबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) द्वारा गांधी जयंती के अवसर पर जिले के ग्राम पंचायत ठेलकाबोड़ में सामूहिक स्वच्छता अभियान चलाया गया। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री हरेश मंडावी के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।


कार्यक्रम के दौरान ग्राम में स्वच्छता रैली निकाली गई। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार एवं जिला पंचायत सीईओ श्री हरेश मंडावी ने स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी का संदेश दिया। कलेक्टर एवं सीईओ सहित अधिकारी-कर्मचारियों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर ग्राम पंचायत के समीप महिला मंडल तालाब की मेड़ पर उगे खरपतवार की फावड़े से सफाई करते हुए सामूहिक श्रमदान किया। इस अवसर पर ग्रामीणों को स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुंदर ग्राम के निर्माण के लिए स्वच्छता को अपनी नियमित जिम्मेदारी के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक दिन अथवा अभियान तक सीमित गतिविधि नहीं है, बल्कि यह निरंतर सामूहिक प्रयास और जनभागीदारी से जुड़ा दायित्व है। ग्रामीणों से अपने घर, गली-मोहल्ले एवं आसपास के सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने तथा अन्य लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया। सामूहिक स्वच्छता श्रमदान के माध्यम से ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने और स्वच्छता को जन-अभियान के रूप में निरंतर आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया।


कार्यक्रम में जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अश्वनी यादव, सहायक परियोजना अधिकारी श्री संतलाल गोटा, जिला समन्वयक श्री बालमुकुंद देवांगन, सरपंच श्रीमती जागेश्वरी उईके, उपसरपंच, ग्राम पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


