पुष्पा स्टील चेमल माइंस क्षेत्र में जेसीबी मशीनों में हुई आगजनी की घटना के संबंध में।
दिनांक 05 अक्टूबर 2026 की रात्रि जिला उत्तर बस्तर कांकेर के थाना लोहत्तर अंतर्गत पुष्पा स्टील चेमल माइंस क्षेत्र में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा तीन चैन माउंटेन जेसीबी मशीनों में आग लगाने की सूचना पुलिस को प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही थाना लोहत्तर पुलिस टीम ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया तथा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू की।
घटना के संदर्भ में थाना लोहत्तर में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 12/2026, धारा 326 भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है।

प्रारंभिक जांच एवं घटनास्थल के सूक्ष्म निरीक्षण के दौरान इस घटना के नक्सली गतिविधियों या नक्सली संगठन से जुड़े होने के कोई स्पष्ट प्रमाण प्राथमिक रूप से सामने नहीं आए हैं। हालांकि, पुलिस प्रशासन द्वारा मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रत्येक संभावित पहलू की गंभीरता एवं सूक्ष्मता से जांच की जा रही है।
पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्रित किए गए हैं। आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी, सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण, तकनीकी साक्ष्य तथा अन्य उपलब्ध जानकारी के आधार पर अज्ञात आरोपियों की पतासाजी की जा रही है।
प्रकरण की विवेचना जारी है। निष्पक्ष जांच एवं साक्ष्यों के आधार पर संलिप्त आरोपियों की जल्द पहचान कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी तथा उनके विरुद्ध नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


