सेवा सप्ताह के अंतर्गत लायंस क्लब बिलासपुर वसुंधरा द्वारा राम रसोई के सहयोग से हुआ बृहद अन्नदान (हंगर सेवा)
बिलासपुर:डिस्ट्रिक्ट से प्राप्त प्रोजेक्ट के अंतर्गत ‘सेवा सप्ताह’ में अपने उत्कृष्ट एवं निरंतर सेवा कार्यों से अग्रणी रहते हुए लायंस क्लब बिलासपुर वसुंधरा द्वारा प्रतिदिन हंगर सेवा (भोजन वितरण) का आयोजन किया जा रहा है। इसी श्रृंखला में पितृपक्ष की एकादशी श्राद्ध के पावन अवसर पर क्लब की सक्रिय सदस्य श्रीमती उषा मुदलियार के सौजन्य एवं ‘राम रसोई’ के तत्वावधान में हंगर सेवा का विशेष आयोजन किया गया।

उल्लेखनीय है कि ‘हंगर सेवा’ लायंस क्लब बिलासपुर वसुंधरा का एक परमानेंट (स्थायी) प्रोजेक्ट है, जिसके तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में नियमित रूप से जरूरतमंदों के बीच भोजन वितरित किया जाता है। हिंदू संस्कृति में पितृपक्ष के दौरान ‘अन्नदान’ को महादान माना गया है। इसी भावना को ध्यान में रखते हुए क्लब के सभी सदस्य समय-समय पर इसमें अपना सक्रिय सहयोग प्रदान करते आ रहे हैं। राम रसोई के सहयोग से वसुंधरा परिवार को इस पावन पर्व पर सेवा कार्य करने का सुनहरा अवसर प्राप्त हुआ।

इस अवसर पर वसुंधरा क्लब की अध्यक्ष श्रीमती संजना मिश्रा, सलमा बेगम, कोषाध्यक्ष श्रीमती गायत्री कश्यप एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहकर वितरण कार्य में अपना बहुमूल्य योगदान दिए। वसुंधरा परिवार ने संकल्प लिया है कि समाज सेवा के इस क्रम को आगे भी इसी प्रकार निरंतर जारी रखा जाएगा।


