बिलासपुर। जिला कांग्रेस कमेटी (शहर एवं ग्रामीण) द्वारा आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में महागठबंधन के विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों ने केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाए।
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए बिलासपुर जिला कांग्रेस कमेटी के शहर अध्यक्ष सुधांशु मिश्रा ने एसआईआर (SIR) प्रक्रिया के तहत देशभर से मतदाताओं के नाम हटाए जाने का कड़ा विरोध जताया। उन्होंने कहा कि भारत में लगभग 13 करोड़ मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से काट दिए गए हैं, जो कि लोकतंत्र के लिए एक बड़ा खतरा है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा, “भारतीय जनता पार्टी की सरकार आखिर देश के लोकतंत्र को राजतंत्र में क्यों बदलना चाहती है?” संबोधन के दौरान ही ज्ञानेन्द्र कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर अन्य राजनीतिक दलों से आए पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी काफी आक्रोशित दिखे और जमकर नारेबाजी की।
वहीं, ग्रामीण अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री ने आगामी चुनावों में निष्पक्षता बनाए रखने के लिए मतपत्र (बैलेट पेपर) से मतदान कराने की मांग रखी। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि बैलेट पेपर से चुनाव कराने पर ही वोटों की हेराफेरी रोकी जा सकती है, जिससे लोकतंत्र की रक्षा और सच की जीत संभव होगी।
इस दौरान महागठबंधन में शामिल सभी प्रमुख दलों के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता भारी संख्या में मौजूद रहे तथा लोकतंत्र व जन अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का संकल्प लिया।


