सेवा सहकारी समिति व बैंक के ₹3.38 लाख के गबन का खुलासा: प्रार्थी ही निकला साजिश में शामिल, 03 गिरफ्तार
बिल्हा पुलिस ने सेवा सहकारी समिति मर्यादित गुमा (क्रमांक 63) एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शाखा बिल्हा से जुड़े 3,38,000 रुपये के फर्जीवाड़े के मामले में वैधानिक कार्रवाई करते हुए 03 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है। चौंकाने वाली बात यह है कि मामले का शिकायतकर्ता ही इस फर्जीवाड़े में संलिप्त पाया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी राजकुमार बरगाह ने दिनांक 26.09.2026 को लिखित आवेदन देकर तीन चेकों (क्रमांक 021914, 021019 एवं 016635) और कार्यवाही प्रस्ताव में ओवरराइटिंग व कूटरचना कर राशि बढ़ाए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि स्वीकृत राशियों में फेरबदल कर कुल 3,38,000 रुपये की धोखाधड़ी की गई।

थाना प्रभारी बिल्हा द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में मामले की विवेचना की गई। जांच में सामने आया कि राजकुमार बरगाह एवं तत्कालीन समिति प्रबंधक शरद कश्यप (जिनका दिनांक 10.09.2026 को निधन हो चुका है) द्वारा पारित प्रस्तावों के आधार पर राशि आहरित की गई थी। प्रस्ताव पंजी में काट-छांट की जांच न कर, प्रबंधक की मृत्यु के लगभग 15 दिन बाद बैंक कर्मियों व मृतक प्रबंधक पर दोष मढ़ते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई गई।





