खेलों से शरीर मजबूत, अनुशासन और करियर की राह भी बनती है : राज्यपाल डेका
तमिलनाडु पुलिस ने जीता अखिल भारतीय फुटबॉल खिताब, सेंट जेवियर्स भरनी विद्यालय स्तर पर विजेता
जिला रिपोर्टर :अश्वनी यादव
बिलासपुर l नवभारत परिवार की 17वीं अखिल भारतीय फुटबॉल एवं जिला स्तरीय विद्यालय फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन राज्यपाल रमेन डेका की मौजूदगी में हुआ। राज्यपाल ने फाइनल मुकाबले का आनंद लिया और विजेता व उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। अखिल भारतीय वर्ग के फाइनल में तमिलनाडु पुलिस ने दल्लीराजहरा माइंस को 1-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया, जबकि विद्यालय स्तरीय मुकाबले में सेंट जेवियर्स स्कूल भरनी ने नवीन पिछड़ा वर्ग क्रीड़ा परिसर को शिकस्त देकर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि खेल शारीरिक मजबूती के साथ अनुशासन, टीमवर्क और खेल भावना विकसित करते हैं। आज खेल प्रतिभाओं के लिए करियर के नए अवसर भी उपलब्ध करा रहे हैं।


राज्यपाल डेका ने कहा कि फुटबॉल टीमवर्क, नियमों का सम्मान और लक्ष्य के लिए अंतिम क्षण तक संघर्ष करने की सीख देता है, जो जीवन के हर क्षेत्र में उपयोगी है। उन्होंने विद्यालय स्तरीय प्रतियोगिताओं को बच्चों की प्रतिभा निखारने का महत्वपूर्ण मंच बताते हुए कहा कि यही प्रतिभाएं आगे चलकर राज्य और देश का प्रतिनिधित्व कर सकती हैं।

उन्होंने नवभारत परिवार द्वारा लंबे समय से खेलों को प्रोत्साहित करने के प्रयासों की सराहना की और ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने की जरूरत बताई। समारोह में पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर संजय अग्रवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी और खेलप्रेमी मौजूद रहे।


