पर्यावरण संरक्षण में नया कीर्तिमान: बिल्हा के शिक्षक कलेश्वर साहू का नाम ‘गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स’ में दर्ज
शिक्षक कलेश्वर साहू ने 3 महीने में बनाए 2.70 लाख सीड बॉल, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने प्रमाण पत्र और मेडल देकर किया सम्मानित
पर्यावरण के प्रति असाधारण योगदान के लिए छत्तीसगढ़ में ‘सीड बॉल मैन’ के नाम से मिली नई पहचान

बिल्हा/बिलासपुर: जिले ने पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में एक नया ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित किया है। जनपद प्राथमिक शाला बिल्हा में पदस्थ शिक्षक कलेश्वर साहू ने अपनी निष्ठा और अथक परिश्रम के बल पर ‘गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स’ में अपना नाम दर्ज कराया है। साहू ने ग्रीष्मकालीन अवकाश एवं स्कूल समय के पश्चात अतिरिक्त समय निकालकर मात्र 3 माह में 2.70 लाख सीड बॉल (Seed Balls) तैयार किए हैं। विश्व में व्यक्तिगत रूप से सर्वाधिक सीड बॉल बनाने के लिए उन्हें इस विश्व रिकॉर्ड की आधिकारिक मान्यता प्रदान की गई है।
इस अभूतपूर्व उपलब्धि के लिए आयोजित सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि, उप मुख्यमंत्री अरुण साव द्वारा शिक्षक कलेश्वर साहू को ‘गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स’ का आधिकारिक प्रमाण पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस विशेष अवसर पर गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की राज्य प्रभारी श्रीमती सोनल राजेश शर्मा भी उपस्थित थीं। पर्यावरण संरक्षण के इस अनोखे अभियान के कारण अब पूरे प्रदेश में कलेश्वर साहू को “छत्तीसगढ़ के सीड बॉल मैन” के नाम से जाना जा रहा है।

शिक्षक कलेश्वर साहू ने अध्यापन कार्य के साथ-साथ पर्यावरण के प्रति अपने सामाजिक दायित्वों का उत्कृष्ट उदाहरण पेश किया है। उन्होंने बिना किसी व्यावसायिक स्वार्थ के, व्यक्तिगत प्रयासों से लाखों बीजों को मिट्टी और खाद के आवरण में सुरक्षित कर सीड बॉल का रूप दिया, ताकि आगामी मानसून में अधिक से अधिक पौधरोपण को बढ़ावा दिया जा सके।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने शिक्षक की इस ऐतिहासिक सफलता और पर्यावरण के प्रति उनके समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, “कलेश्वर साहू का यह कार्य न केवल बिलासपुर जिले, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ राज्य के लिए अत्यंत गर्व का विषय है। शासकीय सेवा के साथ-साथ पर्यावरण के क्षेत्र में ऐसा असाधारण योगदान पूरे समाज के लिए अनुकरणीय है, जो आम जनता को पर्यावरण संरक्षण अभियानों से जुड़ने की प्रेरणा देगा।”
कार्यक्रम के इसी क्रम में सीजी क्राइम न्यूज के संपादक कमल दुसेजा के निर्देश पर बिल्हा संवाददाता डॉ. आर. सी. अग्रवाल द्वारा संस्था की ओर से कलेश्वर साहू को राष्ट्रीय तिरंगा युक्त शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका आत्मीय अभिनंदन किया गया।






If you love slots, this is the place to be. The jackpots are thrilling and the loading times are almost zero. Get into the game at phjilislotph.