सेवा की कहानीपीएम सूर्य घर योजना से बिजली बिल में बड़ी बचत, सोलर पैनल से अतिरिक्त बिजली ग्रिड में पहुंच रही
ग्राम किरगापाटी के श्री विष्णु राम हिड़को ने 3 किलोवाट का सोलर पैनल लगवाकर उठाया योजना का लाभ
उत्तर बस्तर कांकेर, 08 अक्टूबर 2026/ पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से जिले के ग्रामीण परिवार सौर ऊर्जा को अपनाकर बिजली खर्च में बचत कर रहे हैं। कांकेर विकासखण्ड के ग्राम किरगापाटी निवासी श्री विष्णु राम हिड़को ने भी इस योजना का लाभ लेते हुए फरवरी 2026 में अपने घर पर 03 किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल स्थापित कराया है।

श्री हिड़को ने बताया कि सोलर पैनल लगवाने से पहले उनके घर का बिजली बिल प्रतिमाह लगभग 300 से 500 रुपये तक आता था। सोलर पैनल स्थापित होने के बाद पिछले चार महीनों से उनका बिजली बिल शून्य होने के साथ-साथ कई बार माइनस में भी दर्ज हो रहा है। उन्होंने बताया कि सोलर पैनल से घर की आवश्यकता से अधिक बिजली बनने पर अतिरिक्त बिजली ग्रिड में जा रही है, जिसके कारण उनके बिजली खाते में क्रेडिट दर्ज हो रहा है।
उन्होंने बताया कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर पैनल स्थापना के लिए उन्हें कुल 01 लाख 08 हजार रुपये की सब्सिडी प्राप्त हुई है। इसमें 78 हजार रुपये केंद्र शासन तथा 30 हजार रुपये राज्य शासन की ओर से प्रदान किए गए हैं। योजना से मिली सब्सिडी के कारण सोलर पैनल लगवाना उनके लिए आसान हुआ और अब उन्हें बिजली खर्च में राहत मिल रही है।
श्री विष्णु राम हिड़को ने पीएम सूर्य घर योजना का लाभ मिलने पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सौर ऊर्जा अपनाने से उनके परिवार को बिजली खर्च में राहत मिली है। उन्होंने कहा कि यह योजना आम परिवारों को स्वच्छ ऊर्जा अपनाने के साथ-साथ बिजली के खर्च में बचत का अवसर भी प्रदान कर रही है।


