संभा ब्युरो राहुल खटवानी
नागहूर माध्यमिक शाला में गुणवत्ताहीन शेड निर्माण पर सरपंच का त्वरित एक्शन, नियम विरुद्ध बने ढांचे को जेसीबी से ढहाया
कांकेर/दुर्गुकोंडल:जनपद पंचायत दुर्गुकोंडल अंतर्गत ग्राम पंचायत तराईघोटिया स्थित शासकीय माध्यमिक शाला नागहूर में निर्माणाधीन प्रार्थना शेड में ठेकेदार द्वारा बरती जा रही अनियमितता पर पंचायत ने कड़ा रुख अपनाया है। शेड निर्माण में निम्न गुणवत्ता पाए जाने पर ग्रामीणों ने इसका विरोध करते हुए जनपद पंचायत में शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायत के तुरंत बाद आर.ई.एस. (RES) विभाग के एसडीओ देवेंद्र हटीले ने मौके पर पहुंचकर तकनीकी जांच की। जांच के दौरान गुणवत्ता मानक के अनुरूप न पाए जाने पर उन्होंने निर्माण एजेंसी (ग्राम पंचायत तराईघोटिया) को उक्त ढांचे को तुरंत ध्वस्त कर मानक के अनुसार नए सिरे से निर्माण कराने के निर्देश दिए।
शासकीय आदेश प्राप्त होते ही ग्राम पंचायत तराईघोटिया के सरपंच जगदेव नुरुटी जी ने मामले को गंभीरता से संज्ञान में लिया। उन्होंने किसी भी प्रकार के समझौते को दरकिनार करते हुए तत्काल प्रभाव से जेसीबी के माध्यम से घटिया निर्माण ढांचे को पूरी तरह तोड़वा दिया।
सरपंच जगदेव नुरुटी जी हमेशा से गांव के समग्र विकास और पारदर्शी कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। उनके कार्यकाल में सड़क, पेयजल, आवास सहित कई जनकल्याणकारी कार्य निरंतर जारी हैं। वे हर ग्रामीण की छोटी से छोटी समस्या का तत्काल समाधान करने और शासकीय नियमों का शत-प्रतिशत पालन करने के लिए पहचाने जाते हैं।
ग्राम पंचायत में हो रहे विकास कार्यों से बौखलाकर कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा सरपंच की छवि धूमिल करने की नीयत से भ्रामक शिकायतें की जा रही थीं, जबकि जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल विपरीत है। सरपंच द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए ढांचा गिरवाए जाने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है और उनके इस त्वरित एवं सख्त कदम की सराहना की है।


