टीबी मुक्त भारत अभियान को मिली नई गति, जोश टीम का हुआ शुभारंभ
कांकेर की 179 टीबी मुक्त ग्राम पंचायतें हुईं सम्मानित, जनभागीदारी से टीबी उन्मूलन अभियान को मिलेगा विस्तार
उत्तर बस्तर कांकेर, 08 अक्टूबर 2026/ राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत कांकेर जिले को टीबी मुक्त बनाने के उद्देश्य से जनभागीदारी को और मजबूत करने के लिए कांकेर में संयुक्त स्वास्थ्य दल ‘जोश टीम’ का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कांकेर विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री आशाराम नेताम थे। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरुण कौशिक, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती तारा ठाकुर, श्री दिलीप जायसवाल सहित नगर पालिका कांकेर के पार्षद गण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान टीबी उन्मूलन की दिशा में उत्कृष्ट कार्य करने वाली जिले की 179 टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों को प्रशस्ति पत्र के साथ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया गया। कांकेर जिले में 454 ग्राम पंचायतें हैं, जिनमें से 179 ग्राम पंचायतों का टीबी मुक्त होना जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह उपलब्धि ग्राम पंचायतों, स्वास्थ्य विभाग, जनप्रतिनिधियों और समुदाय के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। आगामी समय में शेष ग्राम पंचायतों को भी टीबी मुक्त बनाने के लिए जोश टीम एवं सहयोगी स्वयंसेवकों के माध्यम से अभियान को और व्यापक स्तर पर संचालित किया जाएगा।

युवा शक्ति और स्वयंसेवकों की होगी महत्वपूर्ण भूमिका
‘जोश टीम’ के माध्यम से ग्राम स्तर पर युवाओं, स्वयंसेवकों, एनसीसी कैडेट्स, मेरा भारत स्वयंसेवकों, जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों को टीबी उन्मूलन अभियान से जोड़ा जाएगा। टीम द्वारा लोगों को टीबी के लक्षणों के प्रति जागरूक करने, संभावित टीबी मरीजों की पहचान एवं जांच के लिए प्रेरित करने तथा उपचार के दौरान मरीजों का मनोबल बढ़ाने का कार्य किया जाएगा। साथ ही टीबी से जुड़ी भ्रांतियों और सामाजिक भेदभाव को दूर करने के लिए भी जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी। कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स एवं मेरा भारत स्वयंसेवकों की भूमिका पर विशेष जोर दिया गया। युवाओं और स्वयंसेवकों को समुदाय के बीच पहुंचकर टीबी के प्रति जागरूकता फैलाने तथा समय पर जांच और उपचार के लिए लोगों को प्रेरित करने के लिए सक्रिय रूप से जोड़ा जा रहा है।
जनभागीदारी से बनेगा ‘टीबी मुक्त कांकेर’
जोश टीम के माध्यम से जिले में टीबी उन्मूलन की गतिविधियों को ग्राम स्तर तक व्यापक रूप से पहुंचाया जाएगा। इसका उद्देश्य टीबी मरीजों के लिए सहयोगात्मक एवं भेदभाव रहित वातावरण तैयार करना और प्रत्येक संभावित मरीज को समय पर जांच एवं उपचार की सुविधा से जोड़ना है। कार्यक्रम में यह संदेश दिया गया कि ‘टीबी मुक्त कांकेर’ का लक्ष्य सामूहिक जनभागीदारी से ही हासिल किया जा सकता है। स्वास्थ्य विभाग के साथ एनसीसी, मेरा भारत स्वयंसेवक, ग्राम पंचायत, जनप्रतिनिधि, युवा एवं आम नागरिक मिलकर टीबी उन्मूलन अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।


