बिलासपुर पुलिस की सख्त कार्रवाई: तारबाहर क्षेत्र में मारपीट और अवैध चाकू के साथ आरोपी गिरफ्तार, नवरात्रि में शांति भंग करने वाला भी सलाखों के पीछे
बिलासपुर (छ.ग.):जिला बिलासपुर के थाना तारबाहर अंतर्गत पुलिस ने कानून-व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। नवरात्रि के पवित्र पर्व के दौरान क्षेत्र में आतंक फैलाने और मारपीट करने वाले आरोपियों पर तारबाहर पुलिस ने त्वरित प्रहार करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही शांति भंग करने वाले एक अन्य व्यक्ति पर भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी मोहन साहू उर्फ राहुल (निवासी डीपूपारा) ने थाना तारबाहर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 11 अक्टूबर 2026 की रात्रि वह राजू किराना दुकान सामान खरीदने गया था। इसी दौरान आरोपी भूपेश सिंह लोनिया उर्फ राजा ने उससे शराब पीने के लिए पैसों की मांग की। पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी ने प्रार्थी के साथ अगाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
इस शिकायत पर पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए अपराध क्रमांक 359/2026 के तहत धारा 296, 351(3), 115(2), 119(1), 3(5) बीएनएस तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।
विवेचना के दौरान थाना तारबाहर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर मुख्य आरोपी भूपेश सिंह लोनिया उर्फ राजा (उम्र 20 वर्ष, निवासी- तारबाहर मस्जिद के पीछे) को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 01 नग धारदार चाकू भी बरामद किया गया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।
इसके अतिरिक्त, नवरात्रि पर्व के दौरान क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने एक अन्य आरोपी राजकुमार घृतलहरे (निवासी- तारबाहर) के खिलाफ भी सख्त कदम उठाया। शांति भंग करने के आरोप में उसके विरुद्ध धारा 170 बीएनएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए माननीय सिटी मजिस्ट्रेट के न्यायालय में पेश किया गया।
बिलासपुर पुलिस की इस प्रभावी कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आम जनजीवन की सुरक्षा और त्योहारों में शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।


