समग्र शिक्षा के वित्तीय भुगतान में पारदर्शिता के लिए एसएनए-स्पर्श प्रणाली पर प्रशिक्षण आयोजित
डाइट कांकेर में वित्तीय प्रक्रिया की दी गई जानकारी, जिले के 71 डीडीओ हुए शामिल
उत्तर बस्तर कांकेर, 12 अक्टूबर 2026/ समग्र शिक्षा के अंतर्गत वित्तीय भुगतान प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सुव्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट), कांकेर में एसएनए-स्पर्श प्रणाली के संचालन को लेकर बैठक सह प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। इसमें जिले के 71 आहरण एवं संवितरण अधिकारियों (डीडीओ) तथा उनके लिपिकीय कर्मचारियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवंटन के पुनर्बंटन, वित्तीय स्वीकृति, बिल प्रस्तुत करने, भुगतान प्रक्रिया और व्यय का लेखा-जोखा संधारित करने संबंधी विस्तृत जानकारी दी गई।
पीएफएमएस के स्थान पर नई प्रणाली से होगा वित्तीय संचालन
प्रशिक्षण में बताया गया कि पूर्व में समग्र शिक्षा के अंतर्गत वित्तीय भुगतान सार्वजनिक वित्तीय प्रबंधन प्रणाली (पीएफएमएस) के माध्यम से किया जाता था। अब सितंबर 2026 से एसएनए-स्पर्श प्रणाली के माध्यम से राशि जारी करने की व्यवस्था के तहत जिला शिक्षा अधिकारी, कांकेर को आवंटन प्राप्त हुआ है। प्राप्त आवंटन का संबंधित डीडीओ के बीच नियमानुसार पुनर्बंटन किया जाना है, ताकि स्वीकृत मदों के अंतर्गत शैक्षणिक गतिविधियों एवं अन्य निर्धारित कार्यों के लिए भुगतान सुचारू रूप से किया जा सके।
आवंटन पुनर्बंटन एवं भुगतान प्रक्रिया की दी गई जानकारी
प्रशिक्षण में वित्तीय स्वीकृति, आवंटन के पुनर्बंटन, बिल प्रस्तुत करने, भुगतान की प्रक्रिया पूरी करने तथा व्यय संबंधी अभिलेखों के संधारण के विभिन्न चरणों को समझाया गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि नई प्रणाली के तहत वित्तीय कार्यों का निष्पादन निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप करें तथा सभी आवश्यक अभिलेख व्यवस्थित रूप से संधारित करें।
तीन वित्तीय प्रणालियों के समन्वय से होगा भुगतान
एसएनए-स्पर्श एकीकृत वित्तीय भुगतान व्यवस्था है, जिसका उद्देश्य सरकारी योजनाओं की राशि के प्रवाह में पारदर्शिता सुनिश्चित करना और वित्तीय अनुशासन बनाए रखना है। इस प्रणाली में सार्वजनिक वित्तीय प्रबंधन प्रणाली (पीएफएमएस), राज्य की एकीकृत वित्तीय प्रबंधन सूचना प्रणाली (आईएफएमआईएस) तथा भारतीय रिजर्व बैंक के ई-कुबेर प्लेटफॉर्म के समन्वय से भुगतान प्रक्रिया संचालित की जाती है।
वित्तीय नियमों का पालन करने पर दिया गया जोर
प्रशिक्षण के दौरान सभी संबंधित डीडीओ एवं उनके लिपिकीय कर्मचारियों को एसएनए-स्पर्श प्रणाली की कार्यप्रणाली को समझते हुए नियमानुसार वित्तीय कार्यों का निष्पादन करने पर जोर दिया गया। साथ ही आवंटन के पुनर्बंटन, बिलों के संधारण और भुगतान संबंधी कार्यों में सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए। नई प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन से समग्र शिक्षा के अंतर्गत संचालित शैक्षणिक गतिविधियों के लिए वित्तीय प्रबंधन को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह एवं व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी।


