कृषक उन्नति योजना का किसानों को दें सही जानकारी- कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार जनपदों में पांच-पांच ई-रिक्शा से होगा योजना का प्रचार-प्रसार
उत्तर बस्तर कांकेर, 28 नवंबर 2026/ कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने आज खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, सहकारिता, कृषि विभाग तथा सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, तहसीलदार, मंडी सचिव, सहकारिता निरीक्षक एवं खाद्य निरीक्षकों की बैठक लेकर समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की समीक्षा की। उन्होंने धान खरीदी केंद्रों में सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने तथा किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने देने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि किसान अपने वास्तविक रकबे में बोए गए धान को खरीदी केंद्रों में विक्रय कर सकते हैं, जिसे समर्थन मूल्य पर खरीदा जाएगा। धान विक्रय के बाद समर्थन मूल्य की राशि किसानों के खातों में शीघ्र भुगतान की जा रही है, जबकि कृषक उन्नति योजना के तहत मिलने वाली बोनस राशि शासन द्वारा एकमुश्त किसानों के खातों में प्रदान की जाएगी।
भारत सरकार द्वारा घोषित समर्थन मूल्य के अनुसार धान पतला 2,461 रुपये एवं धान मोटा 2,441 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जा रहा है। कलेक्टर ने बताया कि किसान निर्धारित टोकन से कम मात्रा में भी धान विक्रय करते हैं, तो उन्हें प्रति एकड़ 13,839 रुपये की दर से बोनस राशि प्रदान की जाएगी। किसान द्वारा खरीदी केंद्रों में धान कम मात्रा में बेचने से आगामी वर्ष का पंजीयन कम नहीं होगा तथा आगामी वर्ष भी पंजीयन नियमानुसार होगा। कलेक्टर ने कृषक उन्नति योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के लिए सभी एसडीएम एवं तहसीलदारों को जनप्रतिनिधियों, सरपंचों एवं किसानों की बैठक आयोजित कर योजना की जानकारी देने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही सभी जनपद पंचायतों में पांच-पांच ई-रिक्शा के माध्यम से योजना का प्रचार-प्रसार करने के लिए जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि किसान अपनी इच्छा से अपनी सुविधा एवं बाजार मूल्य के अनुसार राइस मिलर्स, ट्रेडर्स एवं व्यापारी को भी धान विक्रय कर सकते हैं, इसमें किसी प्रकार की रोक नहीं है। मिलर्स मंडी अनुज्ञा के अनुसार धान का परिवहन भी कर सकते हैं। जिले के पंजीकृत किसान धान बेचने के लिए टोकन कटवाएं, बायोमेट्रिक प्रक्रिया का पूर्ण उपयोग करें। उन्होंने सभी तहसीलदारों को डिजिटल क्रॉप सर्वे (डीसीएस) का सत्यापन गंभीरता से करने तथा समिति मॉड्यूल में प्रदर्शित शून्य रकबे को सुधारने के निर्देश दिए। धान खरीदी का ऐप के माध्यम से भौतिक सत्यापन एवं खरीदे गए धान की स्टेकिंग संबंधी जानकारी प्रत्येक सोमवार सुबह उपलब्ध कराने को भी कहा। धान खरीदी एवं डिजिटल क्रॉप सर्वे कार्य को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए कृषि विभाग के उप संचालक श्री जितेन्द्र कोमरा एवं वरिष्ठ सहकारिता निरीक्षक श्री महेश मरकाम की आगामी एक सप्ताह के लिए पखांजूर में ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए गए।


बैठक में अपर कलेक्टर श्री जितेन्द्र कुर्रे एवं श्री भागवत प्रसाद जायसवाल, एसडीएम भानुप्रतापपुर श्री अनिकेत अशोक फड़तरे, अपर कलेक्टर एवं एसडीएम अंतागढ़ श्री जी.डी. वाहिले, एसडीएम चारामा श्री नरेन्द्र बंजारा, एसडीएम पखांजूर श्री सुरेश साहू, उप संचालक कृषि श्री जितेन्द्र कोमरा, खाद्य अधिकारी श्रीमती शांती ध्रुव, जिला विपणन अधिकारी श्री तामेश नागवंशी, वरिष्ठ सहकारिता निरीक्षक श्री महेश मरकाम, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के नोडल अधिकारी श्री डी.एल. देवांगन, सभी मंडी सचिव, खाद्य निरीक्षक एवं सहकारिता निरीक्षक उपस्थित थे।





