गौ सेवा आयोग के जिला स्तरीय समिति की बैठक संपन्न, जिले में नौ गोधाम के संचालन की अनुशंसा
उत्तर बस्तर कांकेर, 14 अक्टूबर 2026/ गौ सेवा आयोग कांकेर के जिला स्तरीय समिति की बैठक मंगलवार को गौ सेवा आयोग कांकेर के जिला अध्यक्ष श्री सोनसाय साहू की अध्यक्षता में जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में जिले के नौ गोधामों के सुचारू संचालन के लिए पंजीयन कराने हेतु छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग को प्रस्ताव प्रेषित करने की अनुशंसा की गई। इनमें चारामा विकासखण्ड के अंतर्गत नगर पंचायत चारामा, ग्राम भानपुरी एवं लखनपुरी, कांकेर विकासखण्ड के ग्राम नवागांव भावगीर, गढ़ पिछवाड़ी एवं बेवरती, विकासखण्ड भानुप्रतापपुर के नगर पंचायत भानुप्रतापपुर, दुर्गूकोंदल विकासखण्ड के ग्राम तराई घोटिया और लोहत्तर इत्यादि नौ गौठान शामिल है। बैठक में गौ सेवा आयोग के संबंधित पदाधिकारियों तथा अधिकारियों ने गौठानों के व्यवस्थित संचालन और गोवंश के संरक्षण एवं संवर्धन से जुड़े विषयों पर चर्चा की।
इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष श्री अरुण कौशिक, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती तारा ठाकुर, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री उत्तम यादव, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हरेश मंडावी, जिला पंचायत सदस्य श्री महेन्द्र क्षत्रिय, श्री अरुण ठाकुर एवं श्री उत्तम साहू, विकासखंड स्तरीय समिति गौ सेवा आयोग कांकेर के अध्यक्ष श्री भावेश आरदे तथा चारामा विकासखंड स्तरीय समिति के अध्यक्ष श्री रूपलाल साहू सहित पशु चिकित्सा सेवाएं विभाग के उप संचालक उपस्थित रहे।


