बिलासपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: साइबर ठगी के लिए ‘म्यूल अकाउंट’ उपलब्ध कराने वाला आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर (छ.ग.): थाना तारबाहर और ACCU बिलासपुर की संयुक्त टीम ने साइबर धोखाधड़ी के खिलाफ एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने ठगी की रकम खपाने के लिए अपने बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले एक म्यूल (Mule) खाताधारक को त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस मुख्यालय रायपुर के निर्देशों और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में, भारत सरकार के साइबर पोर्टल से प्राप्त शिकायतों की जांच की जा रही थी। इसी क्रम में एक्सिस बैंक के एक संदिग्ध खाते (924020055482571) के खिलाफ विभिन्न शिकायतें मिलने पर थाना तारबाहर में अपराध क्रमांक 360/2026 के तहत BNS की विभिन्न धाराओं (धारा 61(2), 317(5), 318(4), 323, 317(4)) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।

जांच के दौरान बैंक स्टेटमेंट का बारीकी से अवलोकन करने पर यह पाया गया कि उक्त खाते में ऑनलाइन ठगी की अवैध रकम के साथ-साथ अन्य संदिग्ध लेन-देन भी किए गए थे, जिसे यूपीआई (UPI) और एटीएम के माध्यम से लगातार निकाला जा रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी विश्वजीत बाली (पिता विनय कुमार, उम्र 33 वर्ष, निवासी- हेमु नगर तहसीलदार गली, थाना तोरवा, बिलासपुर) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया गया है।
बिलासपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने बैंक खाते किसी भी अनजान व्यक्ति को उपयोग के लिए न दें। ऐसा करना कानूनी अपराध है और इसमें संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


