डीपूपारा में मारपीट करने वाले विधि से संघर्षरत् बालक पर तारबाहर पुलिस का शिकंजा, धारदार हथियार बरामद
बिलासपुर:तारबाहर थाना क्षेत्र के अंतर्गत डीपूपारा इलाके में मामूली बात पर एक युवक से मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने वाले एक विधि से संघर्षरत् (अपराधी) बालक के खिलाफ पुलिस ने त्वरित एवं सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक नग धारदार हथियार भी जब्त किया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी सैकी राम ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह 10 अक्टूबर 2026 की रात करीब 11:30 बजे खाना खाने के बाद दुर्गा मंदिर के पास, डीपूपारा की ओर टहल रहा था। इसी दौरान मोहल्ले के ही एक किशोर ने उसे रोककर शराब पीने के लिए 200 रुपए की मांग की। प्रार्थी द्वारा पैसे देने से मना करने पर आरोपी किशोर आगबबुला हो गया और गंदी-गंदी गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसने एक नुकीली और धारदार वस्तु से हमला कर प्रार्थी को गंभीर चोट पहुँचाई।
प्रार्थी की शिकायत पर तारबाहर थाने में तुरंत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विधि से संघर्षरत् बालक को थाने तलब किया। पूछताछ के बाद उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त 01 नग धारदार हथियार विधिवत जब्त किया गया। आरोपी किशोर को नियमानुसार किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश कर, आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
तारबाहर पुलिस की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मच गया है।


