बिलासपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत 22 साल से फरार स्थायी वारंटी गिरफ्तार
बिलासपुर (छत्तीसगढ़):तारबाहर थाना पुलिस ने पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए धोखाधड़ी के एक मामले में 22 वर्षों से फरार चल रहे स्थायी वारंटी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी हाबिल जान (पिता: ऐरिक जान, निवासी: बंधवापारा, शंकर नगर, तोरवा, बिलासपुर) के विरुद्ध थाना तारबाहर में अपराध क्रमांक 200/1998 के तहत धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया था। विचारण के दौरान आरोपी न्यायालय में उपस्थित नहीं हुआ, जिसके बाद माननीय न्यायालय द्वारा वर्ष 2004 में उसके खिलाफ स्थायी वारंट जारी किया गया था। तब से आरोपी लगातार पुलिस की गिरफ्त से बचता फिर रहा था और फरार चल रहा था।

तारबाहर पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली, जिसके आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को विधिवत माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना तारबाहर पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही, जिससे लंबे समय से कानून की पकड़ से दूर चल रहे आरोपी को न्याय के कटघरे में लाया गया है।


