मां महामाया की आरती में शामिल हुईं सभापति अंबिका साहू, ग्रामीणों से किया संवाद; समस्याओं के निराकरण को प्राथमिकता देने का भरोसा
बिलासपुर/सकरी। जिला रिपोर्टर : अश्वनी यादव। जिला पंचायत बिलासपुर की सहकारिता एवं उद्योग स्थायी समिति की सभापति श्रीमती अंबिका विनोद साहू ग्राम पंचायत बोड़सरा के आश्रित ग्राम पाली पहुंचीं, जहां उन्होंने मां महामाया की आरती में शामिल होकर श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना की। इसके बाद वे दुर्गा पंडाल पहुंचीं और विधि-विधान से माता रानी की पूजा कर क्षेत्रवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। धार्मिक आयोजन के दौरान उन्होंने ग्रामीणों से आत्मीय मुलाकात की तथा गांव के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं और नागरिकों से क्षेत्र की स्थिति एवं स्थानीय समस्याओं के संबंध में चर्चा की। उनके आगमन से ग्रामीणों में उत्साह का माहौल रहा। इस अवसर पर उन्होंने धार्मिक आयोजनों को सामाजिक एकता, आपसी सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।


ग्रामीणों से संवाद के दौरान सभापति श्रीमती अंबिका विनोद साहू ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके निराकरण के लिए आवश्यक पहल करने की बात कही। उन्होंने भरोसा दिलाया कि गांव के विकास और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि ग्रामीणों को आवश्यक सुविधाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने जनसमस्याओं के समाधान के लिए ग्रामीणों के साथ निरंतर संवाद और समन्वय को जरूरी बताया। कार्यक्रम में ग्राम के पूर्व सरपंच अनिल कौशिक, काठाकोनी मंडल के वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं महामंत्री जितेंद्र यादव, पूर्व उपसरपंच पुष्पेंद्र कौशिक, अश्वनी यादव (बुटेना) सहित अन्य वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी ने धार्मिक आयोजन में सहभागिता निभाई और गांव के विकास से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया।


