पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने शारदीय नवरात्रि के पंचमी के शुभ अवसर पर मां बम्लेश्वरी के किए दर्शन, प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना
बिलासपुर/डोंगरगढ़, – शारदीय नवरात्रि के पावन पंचमी के शुभ अवसर पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं बिल्हा विधायक श्री धरमलाल कौशिक ने छत्तीसगढ़ की आराध्य देवी पवित्र पवन धाम डोंगरगढ़ स्थित माता बम्लेश्वरी जी के दर्शन एवं विधिवत पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर श्री कौशिक ने माता रानी के दरबार में मत्था टेका और समस्त क्षेत्रवासियों तथा प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर श्री धरमलाल कौशिक जी ने कहा “आज शारदीय नवरात्रि के पंचम दिवस पर माँ बम्लेश्वरी के पावन धाम में दर्शन और पूजन करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। यह पावन धाम करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। माता के दरबार में आकर मन को असीम शांति और ऊर्जा की अनुभूति होती है।”

श्री कौशिक ने माँ बम्लेश्वरी से प्रार्थना की है कि उनकी कृपा से सभी के जीवन में शांति और समृद्धि का वास हो, और उनके आशीर्वाद से हर मुश्किल आसान हो जाए। छत्तीसगढ़ की धरती सदैव धन-धान्य से परिपूर्ण रहे, किसानों की फसल अच्छी हो, युवाओं को रोजगार मिले और प्रदेश निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर रहे।” उन्होंने कहा कि नवरात्रि शक्ति की उपासना का पर्व है। माँ दुर्गा के नौ स्वरूप हमें नारी शक्ति के सम्मान और अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश देते हैं। इस अवसर पर हमें समाज में एकता, सद्भाव और सेवा भाव को बढ़ावा देने का संकल्प लेना चाहिए।
इस दौरान मंदिर समिति के पदाधिकारियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने श्री कौशिक का स्वागत किया। दर्शन के उपरांत बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उनसे भेंट की।


