अगले साल गणेश विसर्जन की झांकियां रिवर व्यू रोड से निकलेंगी, आयोजन समितियों की सहमति से बदलेगा मार्ग
बिलासपुर l जिला रिपोर्टर अश्वनी यादव l शहर में उत्सवों के दौरान भीड़ और यातायात का दबाव कम करने के लिए आयोजन समितियों एवं नागरिकों ने विसर्जन मार्ग में बदलाव पर सहमति जताई है। कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह की मौजूदगी में रिवर व्यू ग्राउंड में हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि अगले वर्ष गणेश विसर्जन से झांकियां और प्रतिमाएं रिवर व्यू रोड से निकाली जाएंगी। नए मार्ग से श्रद्धालुओं को परिवार सहित झांकियों के दर्शन करने में सुविधा मिलेगी, वहीं मुख्य सड़कों पर जाम की स्थिति कम होने और बाजारों में आवागमन सुचारू रहने की उम्मीद है। हालांकि, इस वर्ष दुर्गा विसर्जन पूर्व निर्धारित मार्ग से ही होगा।

बैठक में आयोजन समितियों के प्रतिनिधियों, शांति समिति के सदस्यों और नागरिकों ने शहर की बढ़ती जरूरतों के अनुरूप विसर्जन व्यवस्था में बदलाव को जरूरी बताया। निर्णय का स्वागत करते हुए कलेक्टर और एसएसपी ने नए मार्ग पर सफाई, रोशनी, पेयजल, बैठने की सुविधा, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन सहित आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। प्रशासन आयोजन समितियों के साथ समन्वय कर तैयारियों को अंतिम रूप देगा। सामूहिक सहमति से लिए गए इस निर्णय को बिलासपुर की उत्सव परंपरा, आपसी सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


